Kidnapping Case: पीरीबाजार (लखीसराय). स्थानीय थाना पुलिस ने अपहरण के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज होने के महज छह घंटे के भीतर युवती को सकुशल बरामद कर लिया. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है.
एफआईआर दर्ज होते ही शुरू हुई छापेमारी
थानाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह ने बताया कि शुक्रवार को पीरीबाजार थाना कांड संख्या 140/26 के तहत अपहरण का मामला दर्ज किया गया था. मामला दर्ज होते ही विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी शुरू कर दी गयी.
छह घंटे के भीतर मिली सफलता
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप महज छह घंटे के भीतर युवती को सकुशल बरामद कर लिया गया. कार्रवाई के दौरान मामले में संलिप्त दो आरोपितों को भी गिरफ्तार किया गया.
एक आरोपी की हुई पहचान, दूसरा नाबालिग
गिरफ्तार आरोपितों में एक की पहचान मुंगेर जिले के धरहरा थाना क्षेत्र के औरा बगीचा निवासी बबलू मंडल के पुत्र गुलशन कुमार के रूप में हुई है. दूसरा आरोपित नाबालिग बताया गया है.
न्यायालय में पेश, जांच जारी
Kidnapping Case: पुलिस ने दोनों आरोपितों को शनिवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है. थानाध्यक्ष ने बताया कि पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
