मामा के निकाह में आए तीन मासूम भाइयों की नदी में डूबने से मौत

मामा के निकाह में आए तीन मासूम भाइयों की नदी में डूबने से मौत

दिघलबैंक. प्रखंड की करूवामानी पंचायत अन्तर्गत बालूबारी गांव के वार्ड संख्या 7 में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों भरे माहौल को मातम में बदल दिया. मामा की शादी समारोह में शरीक होने आए तीन सगे मासूम भाई महमूद हसन (11 वर्ष), हुसैन अहमद (9 वर्ष) व मोहम्मद हस्सान (6 वर्ष) की पास की नदी में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गयी. तीनों बच्चे दरगाह बस्ती, दहीभात पंचायत निवासी मोहम्मद अंजार आलम के पुत्र थे. यह हादसा तब हुआ जब वे अन्य बच्चों के साथ नहाने के लिए नदी गये थे, लेकिन अचानक गहराई में चले जाने से तीनों भाई डूब गए. स्थानीय लोगों द्वारा काफी प्रयास के बाद शवों को बाहर निकाला गया. घटना की जानकारी मिलते ही दिघलबैंक की अंचल अधिकारी गरिमा गीतिका अन्य पदाधिकारियों के साथ बालूबारी गांव पहुंचीं. उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया. साथ ही आश्वासन दिया कि अनुग्रह अनुदान की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी और हर संभव सरकारी मदद उपलब्ध कराई जाएगी. मृतक बच्चों के परिजनों ने कहा है कि वे अपने मासूम बच्चों का पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे. उनका कहना है कि यह हादसा स्पष्ट रूप से डूबने से हुआ है और वे अपने बच्चों के शवों को बिना विच्छेदन के दफनाना चाहते हैं. इस पर स्थानीय प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मामला वरीय अधिकारियों को सूचित किया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DHIRAJ KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >