Kaimur News: कैमूर जिले के पड़ियारी गांव निवासी एक युवक को शुक्रवार की सुबह खेत में काम करने के दौरान सांप के काटने की आशंका पर अचेत अवस्था में अनुमंडलीय अस्पताल मोहनिया में भर्ती कराया गया है. युवक की पहचान पड़ियारी गांव निवासी नागा खरवार के पुत्र विमल खरवार के रूप में हुई है.
काम करने के दौरान बिगड़ी तबीयत, ग्रामीणों ने कराया भर्ती
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विमल खरवार दूसरे के खेत में कृषि कार्य कर रहा था. इसी दौरान उसके पैर में किसी विषैले जीव अथवा सांप के काटने की आशंका हुई. घटना के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और वह अचेत हो गया.
युवक ने किसी तरह आसपास मौजूद ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद ग्रामीण तत्काल उसे इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल मोहनिया लेकर पहुंचे. अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने तुरंत उसका प्राथमिक उपचार शुरू किया.
चिकित्सकीय निगरानी में जारी है उपचार
इस संबंध में अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ. विजय कुमार ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा एक युवक को सर्पदंश की आशंका में अस्पताल लाया गया है. फिलहाल उसकी जांच और उपचार जारी है. उन्होंने बताया कि अभी तक सर्पदंश के स्पष्ट लक्षण नहीं मिले हैं, फिर भी एहतियात के तौर पर युवक को गहन चिकित्सकीय निगरानी में रखकर इलाज किया जा रहा है.
