कैमूर: रामपुर में दर्दनाक हादसा, तालाब में डूबने से 25 वर्षीय महिला की मौत, शादी के बाद सालों से मायके में रह रही थी महिला

कैमूर जिले के तरावं गांव में सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना हुई. 25 वर्षीय महिला शौच के लिए निकली और तालाब में डूबने से उसकी मौत हो गई. पूरे गांव में मातम का माहौल है.

Kaimur Drowning Women Death : कैमूर जिले के रामपुर प्रखंड अंतर्गत बेलावं थाना क्षेत्र के तरावं गांव में सोमवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय महिला की तालाब में डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

मृतका की पहचान तरावं गांव निवासी स्वर्गीय रामाशीष राम की पुत्री सुशीला कुमारी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब 7 बजे वह घर से बाहर निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी, जिसके बाद परिवार के लोग चिंतित हो उठे.

Kaimur News : शौच के लिए निकली थी, फिर नहीं लौटी घर

परिजनों के अनुसार सुशीला कुमारी शाम के समय शौच के लिए घर से निकली थी. लगभग आधे घंटे तक जब वह वापस नहीं आई तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की. इसी दौरान गांव की एक महिला ने बताया कि उसने सुशीला को तालाब की ओर जाते हुए देखा था.

कैमूर की सभी खबरें यहां पढ़ें

यह जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण गांव के दक्षिण स्थित दुर्गा स्थान के पास वाले तालाब की ओर पहुंचे. वहां का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए.

Women Death : तालाब में तैरता मिला शव, मच गया कोहराम

तालाब के पास पहुंचने पर लोगों ने देखा कि पानी में एक शव तैर रहा है. पहचान करने पर पता चला कि वह सुशीला ही है. बताया जा रहा है कि उसे तैरना नहीं आता था, जिससे वह गहरे पानी में चली गई और डूब गई.

ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और उसकी मौत हो चुकी थी. घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

Kaimur Police : पुलिस ने पहुंचकर शुरू की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही बेलावं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया. इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेजा गया.

पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

शादी के बाद मायके में रह रही थी महिला

परिजनों ने बताया कि सुशीला की शादी करीब 4 से 5 साल पहले हुई थी, लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद से वह अपनी मां के साथ मायके में रह रही थी. ससुराल पक्ष से उसका कोई संपर्क नहीं था. इस घटना के बाद परिवार पूरी तरह से टूट गया है और गांव के लोग भी शोक में डूबे हुए हैं.

क्या कहती है पुलिस

बेलावं थाना की प्रभारी थानाध्यक्ष रोमा कुमारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला डूबने से मौत का प्रतीत होता है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी. उन्होंने कहा कि आवेदन प्राप्त हुआ है और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

रामपुर के तरावं गांव में हुई यह घटना एक बार फिर सावधानी की जरूरत को सामने लाती है. तालाब और जल स्रोतों के आसपास सुरक्षा के इंतजाम और जागरूकता बेहद जरूरी है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और परिजन गहरे सदमे में हैं.

Also Raed : कैमूर: दुर्गावती में ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात व्यक्ति की मौत; रेलवे ट्रैक पर मिला क्षत-विक्षत हालात में शव


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Raju kumar

Published by: Raginisharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >