Kaimur Highway Accident : कैमूर के कुदरा थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया. परमालपुर के पास सुबह तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिया से जा टकराई. हादसा इतना भयावह था कि ट्रक चालक और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए.
जानकारी के अनुसार ट्रक सासाराम की तरफ से मोहनिया की ओर जा रही थी. सुबह का समय होने के कारण सड़क पर ज्यादा भीड़ नहीं थी, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने माहौल को मातम में बदल दिया.
Mohania Road Accident : झपकी बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक चालक को चलते समय झपकी आ गई थी, जिसके कारण वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. ट्रक तेज रफ्तार में थी और सीधे सड़क किनारे लगे लोहे के बैरिकेडिंग को तोड़ते हुए पुलिया की दीवार से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
टक्कर के दौरान ट्रक पर लदा सरिया अचानक आगे की ओर खिसक गया. इसी दौरान चालक और खलासी उसी सरिया के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना की भयावहता को देखकर आसपास मौजूद लोग भी सहम गए.
Kaimur News : मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले चालक की पहचान शंकर यादव के रूप में हुई है, जो ट्रक का मालिक भी बताया जा रहा है. वह गिरिडीह जिले के बरनी बेरगी डुमरी का रहने वाला था. वहीं खलासी की पहचान भुनेश्वर यादव के रूप में हुई है, जो गिरिडीह जिले के ही बगोदर थाना क्षेत्र के कोराडीह गांव का निवासी था. दोनों एक ही जिले के होने के कारण परिजनों में गहरा शोक फैल गया है.
Kaimur Police : पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही कुदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को ट्रक से बाहर निकाला गया. हादसे के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर आवागमन भी प्रभावित हुआ, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया.
पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है.
इलाके में पसरा मातम
इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है. स्थानीय लोग भी इस घटना से काफी दुखी नजर आए. सुबह-सुबह हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की याद दिला दी है.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. प्रशासन की ओर से अपील की जा रही है कि वाहन चालक लंबी दूरी की यात्रा के दौरान पर्याप्त आराम करें और सतर्कता के साथ वाहन चलाएं, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके.
Also Read : कैमूर में पुलिस का मेगा ऑपरेशन: छापेमारी में 63 गिरफ्तार, हथियार और भारी मात्रा में शराब बरामद
