Kaimur News : सावन की अंतिम सोमवारी पर रामपुर प्रखंड के नौहट्टा स्थित कैलाश गिरी बड़वा पहाड़ी शिव मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. बक्सर से गंगाजल लेकर पहुंचे 500 से अधिक कांवरियों ने सात किलोमीटर पैदल यात्रा और 500 फीट ऊंची पहाड़ी की कठिन चढ़ाई पूरी कर प्राचीन शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया. इस दौरान पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंजता रहा.
बक्सर से गंगाजल लेकर निकला कांवरियों का जत्था
नौहट्टा गांव के कैलाश गिरी बड़वा पहाड़ी कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन सिंह, अरविंद कुमार और नीतीश पाल ने बताया कि रविवार को नौहट्टा गांव से सात बसों और अन्य वाहनों से 500 से अधिक कांवरियों का जत्था बक्सर गंगा जल उठाने के लिए रवाना हुआ था. सावन की अंतिम सोमवारी पर कांवरियों का जत्था सबार गढ़ के पास दुर्गावती नदी पहुंचा.
दुर्गावती नदी में स्नान कर यात्रा में शामिल हुए ग्रामीण
नौहट्टा गांव से पहुंचे 200 से अधिक बच्चे, महिला और पुरुषों ने दुर्गावती नदी में स्नान किया और जल लेकर कांवरियों के जत्थे में शामिल हो गये. इसके बाद सभी श्रद्धालु डीजे की धुन और भोले बाबा के भक्ति गीतों पर नाचते-झूमते सात किलोमीटर पैदल नौहट्टा गांव पहुंचे.
500 फीट ऊंची पहाड़ी पर चढ़कर किया बाबा का जलाभिषेक
नौहट्टा पहुंचने के बाद कांवरियों ने 500 फीट ऊंची बड़वा पहाड़ी की कठिन चढ़ाई शुरू की. प्राचीन शिव मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने बक्सर से लाये गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया. पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की.
पांचवें वर्ष भी हुआ भव्य कांवर यात्रा का आयोजन
कमेटी के सदस्यों ने बताया कि सावन की अंतिम सोमवारी पर बड़वा पहाड़ी शिव मंदिर में लगातार पांचवें वर्ष कांवर यात्रा और जलाभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया गया. हर वर्ष इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है.
