Kaimur Rampur News : रामपुर प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी सह बीडीओ ऋतु रंजन कुमार के द्वारा किए गये औचक निरीक्षण में रामपुर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय पुनाव में कई गंभीर अनियमितताएं पाई गयी हैं. 10 अगस्त 2026 को पूर्वाह्न 10:40 बजे किए गये निरीक्षण के बाद बीईओ ने प्रभारी प्रधानाध्यापक को पत्र भेजकर 24 घंटे के अंदर साक्ष्य सहित स्पष्टीकरण मांगा है. साथ ही एक शिक्षक का वेतन भी तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है.
जानकारी देते हुए लेखापाल हिमांशु शेखर पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि निरीक्षण प्रतिवेदन के अनुसार विद्यालय में शिक्षक श्री शशि भूषण रंजन उपस्थिति पंजी पर हाजिरी दर्ज करने के बाद बिना अनुमति के विद्यालय से अनुपस्थित पाए गये. ई-शिक्षाकोश पोर्टल पर भी उक्त तिथि को उनकी अनुपस्थिति दर्ज है. इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए बीइओ ने श्री रंजन का 10.08.2026 का वेतन स्थगित करने का आदेश दिया है.
मध्याह्न भोजन और मूलभूत सुविधाएं बदहाल
निरीक्षण में पाया गया कि बच्चों को दिया जाने वाला मध्याह्न भोजन गुणवत्तापूर्ण नहीं था. इसके अलावा विद्यालय में कई बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव मिला. बच्चों के लिए पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं थी. कक्षाओं में लगे पंखे ठीक से नहीं चल रहे थे, जिससे भीषण गर्मी में बच्चों को काफी परेशानी हो रही थी.
विद्यालय का शौचालय अत्यंत गंदा और दयनीय स्थिति में पाया गया. सबसे गंभीर बात यह सामने आई कि शैक्षणिक कार्य लगभग ठप था. निरीक्षण के दौरान वर्ग-छह में कोई भी शिक्षक पढ़ाते नहीं पाए गये. बच्चे परिसर में इधर-उधर घूमते मिले.
इसके साथ ही यह भी पाया गया कि वर्ग शिक्षकों द्वारा बच्चों को नियमित गृहकार्य नहीं दिया जा रहा था. कक्षा में कराए गये कक्षा-कार्य का मूल्यांकन और जांच भी शिक्षकों द्वारा नहीं की जा रही थी. बीइओ ने जताई नाराजगी, मांगा जवाब
लगातार दिशा-निर्देश के बाद भी हुई लापरवाही
पत्र में बीईओ ने कहा कि विभाग और कार्यालय द्वारा गुरु-गोष्ठी और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से लगातार दिशा-निर्देश दिये जाते रहे हैं. इसके बावजूद विद्यालय द्वारा आदेशों की लगातार अवहेलना की जा रही है, जो मनमानेपन और प्रशासनिक शिथिलता को दर्शाता है. इससे विद्यालय के शैक्षणिक माहौल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है.
बीईओ ने प्रभारी प्रधानाध्यापक को निर्देश दिया है कि पत्र प्राप्ति के 24 घंटे के अंदर अपना साक्ष्य आधारित स्पष्टीकरण कार्यालय में उपस्थित होकर समर्पित करें. निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को प्रतिवेदित किया जायेगा.
