Kaimur News : कैमूर जिला के करमचट थाना क्षेत्र में अवैध देशी शराब के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 27 लीटर महुआ शराब बरामद की है. गुरुवार को पुलिस टीम ने मझियाव ईंट भट्ठे के पीछे स्थित एक झोपड़ी में छापेमारी की. इस दौरान पुलिस ने शराब के साथ एक कारोबारी को मौके से गिरफ्तार कर लिया.
गुप्त सूचना पर झोपड़ी में हुई छापेमारी
करमचट थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मझियाव ईंट भट्ठे के पीछे बनी झोपड़ी में अवैध तरीके से देशी महुआ शराब की बिक्री की जा रही है. सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गयी और तत्काल छापेमारी की गयी.
गैलन और कंटेनर में छिपाकर रखी थी शराब
झोपड़ी की तलाशी के दौरान पुलिस को गैलन, प्लास्टिक के कंटेनर और बोतलों में देशी महुआ शराब मिली. पुलिस ने कुल 27 लीटर शराब बरामद कर जब्त कर ली. मौके से सबार गांव निवासी महेन्द्र पासी को गिरफ्तार किया गया. आरोपी की पहचान स्व. रामाधार पासी के पुत्र महेन्द्र पासी के रूप में हुई है.
अवैध शराब के नेटवर्क की भी होगी जांच
थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री, निर्माण और परिवहन के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है. किसी भी स्थिति में अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद शराब कहां से लाई गयी थी और इसके कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं. नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान होने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जायेगी.
मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा
गिरफ्तार महेन्द्र पासी को शुक्रवार को पुलिस अभिरक्षा में रामपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर मेडिकल जांच करायी गयी. इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
