Kaimur News : कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव के समीप पुलिस टीम पर हमला कर पुलिस वाहन से चोरी के आरोपित को जबरन छुड़ाने के मामले में रामगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. घटना के बाद लगातार छापेमारी करते हुए पुलिस ने 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ पुलिस टीम पर हमला, सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस वाहन में तोड़फोड़ और हिरासत में लिये गये आरोपित को जबरन छुड़ाने सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा रही है. मामले में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस छापेमारी कर रही है.
समरसेबल स्टार्टर चोरी की जांच में सामने आया मामला
पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त की रात डहरवन निवासी दीनदयाल उपाध्याय ने डायल-112 पर सूचना दी थी कि उनके पंप हाउस से खलासी मुसहर और करीमन मुसहर ने ट्यूबवेल का समरसेबल स्टार्टर चोरी कर लिया है. पुलिस पूछताछ में करीमन मुसहर ने चोरी की बात स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने भाई खलासी मुसहर के साथ मिलकर स्टार्टर चोरी किया था और उसे जागरूक साह को बेच दिया था.
पुलिस वाहन को 40-50 लोगों की भीड़ ने घेरा
सूचना पर डायल-112 की पुलिस टीम किशनपुर पहुंची और करीमन मुसहर को हिरासत में लेकर थाना ले जा रही थी. पुलिस के अनुसार, इसी दौरान जागरूक साह के बेटे ब्रह्मानंद गुप्ता उर्फ छोटू ने कथित तौर पर लोगों को फोन कर भड़काया. इसके बाद किशनपुर मुसहर टोला के समीप करीब 40-50 लोगों की भीड़ ने पुलिस वाहन को घेर लिया.
शीशा तोड़कर हिरासत में लिये गये आरोपित को छुड़ाया
पुलिस का आरोप है कि भीड़ ने पुलिस टीम के साथ मारपीट और धक्का-मुक्की की. इसके बाद पुलिस वाहन के पीछे का शीशा तोड़कर हिरासत में लिये गये करीमन मुसहर को जबरन छुड़ा लिया गया. इस दौरान हवलदार जय प्रकाश मंडल से हथियार छीनने का प्रयास किये जाने की बात भी पुलिस ने कही है. झड़प में महिला सिपाही पूजा कुमारी को चोट लगी. घटना के दौरान सरपंच दीनदयाल उपाध्याय के घायल होने की भी सूचना है.
सीसीटीवी फुटेज से चिह्नित किये गये आरोपित
घटना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर आरोपितों की पहचान शुरू की गयी. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों को चिह्नित किया. इसके बाद कुदरा थाना सहित सीमावर्ती थानों की पुलिस के सहयोग से अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की गयी.
10 आरोपित गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपितों में खलासी मुसहर, विजय प्रताप मुसहर, शिवलाल मुसहर, पूर्वणवासी मुसहर, रामबाबू मुसहर, बाली मुसहर, जोगिंद्र मुसहर उर्फ ढोढ़ा मुसहर, धरमावती देवी, भगवान मुसहर और ब्रह्मानंद गुप्ता उर्फ छोटू शामिल हैं.
पुलिस के अनुसार, मामले में जागरूक साह और शिवसागर थाना क्षेत्र के पखनारी गांव निवासी तेतरी देवी समेत अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. पुलिस ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालकर पुलिस टीम पर हमला करना और हिरासत में लिये गये आरोपित को जबरन छुड़ाना गंभीर मामला है. घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
