होमगार्ड की अवैध वसूली का वीडियो वायरल, केस निष्पादन के नाम पर पैसे मांगने वाला जवान गिरफ्तार; कैमूर में रिश्वतखोरी का खेल उजागर

कैमूर पुलिस ने भगवानपुर थाना में तैनात एक होमगार्ड को केस के निष्पादन के नाम पर अवैध वसूली करते रंगेहाथ पकड़ा है. एक वीडियो के सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई. पुलिस अधीक्षक ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर जोर दिया है.

kaimur Homeguard Arrested Extortion : कैमूर में पुलिस ने अपने ही सिस्टम के भीतर चल रहे भ्रष्टाचार पर सीधा प्रहार किया है. भगवानपुर थाना में तैनात एक गृहरक्षक(होम गार्ड) को केस के निष्पादन के नाम पर अवैध वसूली करते पकड़ा गया है. हैरान करने वाली बात यह है कि इस पूरे खेल का खुलासा एक वीडियो से हुआ, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी होम गार्ड की पहचान मनोज कुमार बिंद के रूप में हुई है, जिसने पूछताछ में खुद ही पैसे मांगने की बात स्वीकार कर ली.

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, 8 जुलाई की रात करीब 11 बजे अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, भभुआ के पास एक वीडियो पहुंचा. इस वीडियो में साफ दिख रहा था कि भगवानपुर थाना में तैनात बिहार गृह रक्षक का जवान वाद के निष्पादन के नाम पर लोगों से खुलेआम पैसे की मांग कर रहा है और दलाली में लगा हुआ है. वीडियो सामने आते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई और तुरंत जांच के आदेश दिए गए.

Kaimur News : वीडियो से खुली पोल, जांच में पुख्ता हुए आरोप

एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ भभुआ ने बिना देरी किए पूरे मामले की जांच शुरू की. शुरुआती जांच में ही आरोप सही पाए गए. जब होम गार्ड मनोज कुमार बिंद को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने साफ तौर पर स्वीकार कर लिया कि वह केस को आगे बढ़ाने के नाम पर लोगों से पैसे मांग रहा था.

इस स्वीकारोक्ति के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भगवानपुर थाना में कांड संख्या 178/26 दर्ज किया. आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया. अब उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे भेजा जा रहा है.

Bribery Case : पुलिस का सख्त संदेश, अब नहीं चलेगी दलाली

इस कार्रवाई के बाद कैमूर पुलिस ने साफ कर दिया है कि विभाग के भीतर किसी भी तरह की गड़बड़ी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी. पुलिस अधीक्षक ने दो टूक कहा कि भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति लागू है. चाहे कोई भी हो, अगर वह दलाली या रिश्वतखोरी में शामिल पाया जाता है, तो सीधे कार्रवाई होगी.

कैमूर की सभी खबरें यहां पढ़ें

उन्होंने यह भी कहा कि आम लोगों को न्याय दिलाना पुलिस की जिम्मेदारी है और इस जिम्मेदारी से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा. इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.

और कौन-कौन शामिल, जांच जारी

फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की तह तक जाने की कोशिश कर रही है. यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस अवैध वसूली में और लोग भी शामिल थे या यह अकेले का खेल था. अगर किसी और की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई तय मानी जा रही है.

इस कार्रवाई ने साफ संकेत दे दिया है कि कैमूर पुलिस अब अपनी छवि को लेकर गंभीर है और सिस्टम को साफ करने के लिए अंदर से ही सफाई अभियान शुरू कर चुकी है. आने वाले दिनों में ऐसे मामलों में और भी बड़ी कार्रवाई देखने को मिल सकती है.

Also Read: कैमूर: मोहनिया में मासूम की रहस्यमय मौत, पैर में कांटा चुभने की शिकायत; स्कूल से आने के कुछ ही देर बाद बिगड़ी तबीयत


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vinod kumar singh

Published by: Raginisharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >