कैमूर : शिक्षकों को BEO का अल्टीमेटम, 24 घंटे में कक्षा-1 के छात्रों की डाटा एंट्री करें, नहीं तो कटेगा 10% वेतन

Kaimur News : कैमूर जिले के रामपुर प्रखंड में शिक्षा पदाधिकारी तेजस्विनी आनंद ने ई-शिक्षाकोष और यू-डायस पोर्टल पर कक्षा एक के नए नामांकित बच्चों की प्रविष्टि न होने पर नाराजगी जताई है. उन्होंने सभी प्रधानाध्यापकों को 24 घंटे के भीतर शत-प्रतिशत डाटा एंट्री पूरी करने का सख्त निर्देश दिया है. लापरवाही बरतने पर वेतन कटौती की चेतावनी दी गई है.

Kaimur News : कैमूर जिले के रामपुर प्रखंड में कक्षा-1 में नामांकित नए बच्चों का डाटा अभी तक ई-शिक्षाकोष और यू-डायस पोर्टल पर अपडेट नहीं होने पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) तेजस्विनी आनंद ने नाराजगी जताई है. उन्होंने सरकारी और निजी स्कूलों के सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया है कि पत्र मिलने के 24 घंटे के भीतर सभी नए छात्रों की जानकारी पोर्टल पर दर्ज करें.

पोर्टल पर डाटा अपलोड करना अनिवार्य

इसकी जानकारी लेखापाल हिमांशु शेखर पांडेय ने गुरुवार को दी. उन्होंने बताया कि बीईओ कार्यालय की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि कक्षा-1 के सभी नए नामांकित बच्चों का डाटा ई-शिक्षाकोष और यू-डायस पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य है. इस कार्य की समीक्षा जिला कार्यालय द्वारा रोजाना वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की जा रही है.

समीक्षा में रामपुर प्रखंड की प्रगति असंतोषजनक, चेतावनी जारी

समीक्षा में रामपुर प्रखंड की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई है. इस कार्य को पूरा कराने के लिए कई बार पत्राचार व व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से निर्देश दिए जा चुके हैं, लेकिन कुछ विद्यालयों ने अब तक कार्य पूरा नहीं किया है. बीईओ ने इसे गंभीर लापरवाही बताया है. उन्होंने कहा कि वरीय अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना, दायित्वों के प्रति उदासीनता व शिथिलता कर्तव्यों के प्रति लापरवाही को दर्शाती है. इससे मनमानेपन व स्वेच्छाचारिता भी परिलक्षित होती है. बीईओ ने स्पष्ट किया है कि सभी प्रधानाध्यापक व प्रधान शिक्षक 24 घंटे के भीतर वर्ग एक के बच्चों की शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित करें.

लापरवाही पर कटेगा दस प्रतिशत वेतन

अन्यथा संबंधित प्रधानाध्यापक अथवा प्रधान शिक्षक के वेतन से 10 प्रतिशत की कटौती की जाएगी तथा अनुशासनिक कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को प्रतिवेदित किया जाएगा. उन्होंने कहा कि पोर्टल पर समय पर डाटा एंट्री नहीं होने से सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन व विभागीय रिपोर्टिंग में बाधा आ रही है. इसलिए सभी विद्यालय इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें.

Also Read : कैमूर : बीईओ ने करवन्दिया विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, 100 % बच्चों को यूनिफॉर्म में देख जताई खुशी




प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Raju kumar

Published by: Suryakant Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >