कैमूर: हाटा में सामुदायिक भवन परिसर का होगा कायाकल्प, पार्क जैसी मिलेंगी सुविधाएं

नगर पंचायत हाटा में सामुदायिक भवन परिसर का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। साथ ही वार्ड चार में जल्द ही सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कार्य शुरू होगा।

Kaimur News : नगर पंचायत हाटा के महावीर मंदिर के समीप वार्ड छह स्थित सामुदायिक भवन परिसर का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है. शुक्रवार को नगर पंचायत अध्यक्ष रमेश जायसवाल ने वार्ड पार्षदों के साथ परिसर में चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया और संबंधित लोगों से काम की प्रगति की जानकारी ली.

फूल-पौधों से संवरेगा परिसर, परिवार के साथ बैठने की भी मिलेगी जगह

नगर पंचायत अध्यक्ष रमेश जायसवाल ने बताया कि सौंदर्यीकरण का काम पूरा होने के बाद सामुदायिक भवन परिसर को लोगों के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा. यहां लोग सुबह-शाम टहल सकेंगे और परिवार के साथ बैठकर समय भी बिता सकेंगे. परिसर में फूल-पौधे लगाए जाएंगे, जिससे लोगों को स्वच्छ और सुखद वातावरण मिलेगा.

उन्होंने बताया कि सौंदर्यीकरण के बाद परिसर में विभिन्न सामाजिक और अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जा सकेंगे. इससे स्थानीय लोगों को सार्वजनिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा.

वार्ड चार में जल्द शुरू होगा सार्वजनिक शौचालय का निर्माण

अध्यक्ष ने बताया कि नगर पंचायत के वार्ड संख्या चार में जल्द ही सार्वजनिक शौचालय का निर्माण शुरू कराया जाएगा. हाटा में लंबे समय से लोग सार्वजनिक शौचालय की मांग कर रहे थे. लोगों की जरूरत को देखते हुए इसके निर्माण की पहल की गयी है. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक शौचालय निर्माण के लिए शिलान्यास पहले ही किया जा चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा.

जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने का दावा

रमेश जायसवाल ने कहा कि हाटा की जनता ने जिस उद्देश्य से उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है, उसे पूरा करने के लिए लगातार जनहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है. क्षेत्र में लोगों की जरूरत के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है.

मौके पर डिंपल जायसवाल, तेजू अंसारी, धर्मेंद्र चौहान, बाल किसुन गोंड सहित कई लोग मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ravishankar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >