Kaimur News: कैमूर जिले के मोहनिया अनुमंडलीय अस्पताल में मरीजों को जल्द ही डायलिसिस की सुविधा मिलने लगेगी. अस्पताल प्रशासन के अनुसार, आगामी एक सप्ताह के भीतर डायलिसिस सेवा शुरू कर दी जाएगी, जिससे किडनी रोग से ग्रसित डायलिसिस मरीजों को जिले से बाहर जाने की परेशानी से राहत मिलेगी. मालूम हो कि विभाग के निर्देशानुसार मोहनिया अस्पताल में डायलिसिस सेंटर खोलने के लिए गुरुवार को सिविल सर्जन डॉ. चंदेश्वरी रजक ने अस्पताल पहुंचकर जायजा लिया. उनके साथ डायलिसिस सेंटर के लिए लगाने वाली टीम भी उपस्थित थी.
मरीजों को मिलेंगी सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं
निरीक्षण के दौरान डायलिसिस मशीनों की स्थापना, बिजली, पानी एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया गया. सिविल सर्जन ने कहा कि डायलिसिस सेंटर शुरू होने से मोहनिया एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को काफी लाभ मिलेगा और उन्हें दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा. इस अवसर पर अस्पताल के कई अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे. अस्पताल प्रशासन ने बताया कि केंद्र शुरू होने के बाद मरीजों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
किडनी मरीजों के लिए बेहद उपयोगी है डायलिसिस प्रक्रिया
डायलिसिस सेंटर में किडनी के गंभीर रोगियों का उपचार किया जाता है. जब किसी मरीज की किडनी ठीक से काम नहीं करती, तब डायलिसिस मशीन के माध्यम से शरीर से अपशिष्ट पदार्थ और अतिरिक्त पानी को बाहर निकाला जाता है. मोहनिया अस्पताल में यह सुविधा शुरू होने से मरीजों को इलाज के लिए वाराणसी, सासाराम, पटना या अन्य बड़े शहरों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. इससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी तथा जरूरतमंद मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिल सकेगा.
एक सप्ताह के अंदर चालू होगा डायलिसिस सेंटर
इस संबंध में सीएस डॉ. चंदेश्वरी रजक ने बताया कि मोहनिया अस्पताल में डायलिसिस के लिए सेंटर खोला जाएगा. जिसको लेकर निरीक्षण किया गया, इसे एक सप्ताह के अंदर चालू किया जाएगा.
