कैमूर में गाय-भैंस से भरा स्कॉर्पियो-ट्रक पकड़ाया, रोहतास और कानपुर के चार तस्कर गिरफ्तार

कैमूर के दुर्गावती में पशु तस्करी के दो बड़े मामलों का खुलासा हुआ है। एनएच-19 पर पुलिस ने 21 भैंसों से लदे ट्रक को जब्त कर चार तस्करों को गिरफ्तार किया। वहीं, महमूदगंज में ग्रामीणों की सतर्कता से तीन सांड और एक गाय को तस्करों से मुक्त कराया गया।

Durgawati Cattle Smuggling News : कैमूर के दुर्गावती थाना क्षेत्र में पुलिस और ग्रामीणों की सतर्कता से पशु तस्करी के दो बड़े मामलों का खुलासा हुआ है. एनएच-19 पर 21 भैंसों से लदे एक ट्रक को जब्त कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जबकि महमूदगंज में ग्रामीणों की सूचना पर स्कॉर्पियो से तीन सांड और एक गाय को मुक्त कराया गया. हालांकि दूसरे मामले में तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे.

एनएच-19 पर ट्रक से 21 भैंसें बरामद, चार गिरफ्तार

दुर्गावती पुलिस को छह जुलाई की रात करीब 11 बजे सूचना मिली कि मोहनिया की ओर से एक ट्रक में पशुओं को लादकर उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष गिरीश कुमार के नेतृत्व में एनएच-19 पर वाहन जांच अभियान चलाया गया. जांच के दौरान यूपी-70 एफटी-6643 नंबर के ट्रक को रोककर तलाशी ली गई. ट्रक में 21 भैंसों को क्रूरतापूर्वक बांधकर ले जाया जा रहा था.

कानपुर, कौशांबी और रोहतास के आरोपित गिरफ्तार

पूछताछ के दौरान आरोपितों ने बताया कि वे पशुओं को उत्तर प्रदेश पहुंचाने जा रहे थे. पुलिस ने इस मामले में कानपुर निवासी नूर आलम, कौशांबी निवासी शाहबान, रोहतास निवासी साजिद कुरैशी और मोहम्मद कमाल खान को गिरफ्तार कर लिया. ट्रक और सभी 21 भैंसों को भी जब्त कर लिया गया. थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि सभी आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

ग्रामीणों की सतर्कता से स्कॉर्पियो से चार पशु मुक्त

मंगलवार सुबह महमूदगंज गांव में ग्रामीणों ने एक स्कॉर्पियो में तीन सांड और एक गाय को ले जाते देखा. शक होने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से स्कॉर्पियो से चारों पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और वाहन को जब्त कर लिया. हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही वाहन में सवार तस्कर फरार हो गए.

पशु चोरी और तस्करी पर ग्रामीणों ने जताई चिंता

घटना के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ रही पशु चोरी और तस्करी की घटनाओं पर चिंता जताई. उनका कहना है कि पहले पकड़े गए मामलों में सख्त कार्रवाई नहीं होने से तस्करों के हौसले बुलंद हैं. किसानों ने प्रशासन से नियमित पुलिस गश्त, कड़ी निगरानी और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

Kaimur News : फरार तस्करों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने बताया कि स्कॉर्पियो सवार फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. साथ ही जब्त वाहन की जांच कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.

Also Read : कैमूर: रामपुर में दर्दनाक हादसा, तालाब में डूबने से 25 वर्षीय महिला की मौत, शादी के बाद सालों से मायके में रह रही थी महिला



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sachidanand singh

Published by: Vivek Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >