कैमूर में भारतमाला एक्सप्रेसवे निर्माण का काम बना मुसीबत, PNC की लापरवाही से बढ़ा सड़क हादसे का खतरा

Bharatmala Expressway Kaimur News : कैमूर में भारतमाला एक्सप्रेसवे निर्माण के दौरान हाईवा से गिरी मिट्टी बारिश में कीचड़ बन गई, जिससे सड़कें दलदल में बदल गईं. कई गांवों की आवाजाही प्रभावित है और हादसे बढ़ रहे हैं. ग्रामीणों ने कंपनी की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है.

Bharatmala Expressway Kaimur News : कैमूर के रामपुर प्रखंड क्षेत्र में भारतमाला एक्सप्रेसवे निर्माण में लगी पीएनसी कंपनी की लापरवाही अब आम लोगों के लिए भारी मुसीबत बन गई है. बुधवार शाम हुई बारिश के बाद हाईवा से गिरी ओवरलोड मिट्टी सड़कों पर दलदल में बदल गई, जिससे पसाई, गंगापुर, चौरासी आरडी, सबार समेत आसपास के दर्जनों गांवों की सड़कें कीचड़ से पट गई हैं.

सड़कें बनी दलदल, पैदल चलना भी मुश्किल

बारिश के बाद हालात इतने खराब हो गए हैं कि लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. कीचड़ भरी सड़कों पर फिसलकर कई बाइक सवार घायल हो चुके हैं. सबार-भभुआ मुख्य सड़क पर सबार दुर्गा मंदिर और थाना के पास स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर बनी हुई है, जहां सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो गई है.

Bharatmala Expressway : ओवरलोड मिट्टी ढुलाई से बढ़ी समस्या

ग्रामीणों का आरोप है कि पीएनसी कंपनी द्वारा हाईवा से ओवरलोड मिट्टी की ढुलाई की जा रही है. बिना तिरपाल ढके मिट्टी लाने के कारण रास्ते में मिट्टी गिरती रहती है, जो बारिश के बाद दलदल बन जाती है. सड़क पर जमी मिट्टी की सफाई भी नियमित रूप से नहीं कराई जा रही है. सबार गांव के धनु पासवान और हीरा मल्लाह ने बताया कि यह समस्या कई दिनों से बनी हुई है, लेकिन कंपनी और प्रशासन दोनों ही अनदेखी कर रहे हैं.

Kaimur News : कई मार्ग पूरी तरह बाधित, आवाजाही ठप

भिखमपुरा से पसाई, खजुरा, कर्मा वितरणी नहर पथ सहित कई महत्वपूर्ण सड़कें, जो प्रखंड मुख्यालय और जिला मुख्यालय को जोड़ती हैं, कीचड़ के कारण बाधित हो गई हैं. पसाई और बिखपुर के बीच बन रहे एक्सप्रेसवे के पुल के पास डायवर्सन में तो हालत और भी खराब है, जहां घुटनों तक कीचड़ जमा हो गया है.यहां वाहनों का चलना तो दूर, लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है.

Over Loading : एम्बुलेंस तक फंसी, ग्रामीणों में आक्रोश

स्थिति इतनी गंभीर है कि आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं. कीचड़ भरी सड़कों के कारण एम्बुलेंस और जरूरी वाहनों का पहुंचना मुश्किल हो गया है. इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है.

कैमूर की सभी खबरें यहां पढ़ें

प्रशासन से कार्रवाई की मांग, आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों ने पीएनसी कंपनी प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन से ओवरलोडिंग पर रोक लगाने, तिरपाल से ढककर मिट्टी ढुलाई करने और सड़कों की तत्काल सफाई कराने की मांग की है. लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे.

निर्माण कार्य में लापरवाही और प्रशासनिक उदासीनता के कारण आम जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है. अब देखना होगा कि जिम्मेदार कब तक इस समस्या का समाधान करते हैं.

Also Read : कैमूर में आपसी विवाद में पति ने पत्नी को गोली मारकर उतारा मौत के घाट, खुद को भी मारी गोली

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Raju kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >