जहानाबाद में शिक्षक के बंद घर में चोरी, ताला तोड़कर पांच लाख के जेवरात और सामान ले उड़े चोर

जहानाबाद के देवनन्दन बिगहा गांव में शिक्षक के बंद घर का ताला तोड़कर चोरों ने पांच लाख रुपये के आभूषण और कीमती सामान पर हाथ साफ किया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Jehanabad News: जहानाबाद जिले के शकुराबाद थाना क्षेत्र के देवनन्दन बिगहा गांव में चोरों ने एक शिक्षक के बंद पड़े घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोर दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसे और करीब पांच लाख रुपये मूल्य के जेवरात, कीमती कपड़े तथा अन्य सामान लेकर फरार हो गए. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है.

ग्रामीणों की सूचना पर सामने आई वारदात

पीड़ित गृहस्वामी सुनील कुमार सिन्हा ने शकुराबाद थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनील कुमार सिन्हा पेशे से शिक्षक हैं और वर्तमान में अपने परिवार के साथ जहानाबाद शहर में किराये के मकान में रहते हैं. उनका पैतृक घर देवनन्दन बिगहा गांव में है, जो अधिकांश समय बंद रहता है.

चार लाख के जेवरात और एक लाख के सामान की चोरी

बताया जाता है कि 29-30 जुलाई की रात चोरों ने सूने घर का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया. गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने घर का ताला टूटा देखकर इसकी सूचना गृहस्वामी को दी. परिवार के गांव पहुंचने पर घर के कमरों का सामान बिखरा मिला.

जांच के दौरान पता चला कि अटैची में रखे सोने-चांदी के आभूषण, जिनमें सिकड़ी, बाला, झुमका, कानबाली, पायल और अंगूठी शामिल थे, चोरी हो गए हैं. इन आभूषणों की कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है. इसके अलावा ट्रंक में रखे महंगे कपड़े और अन्य सामान भी चोरी कर लिए गए, जिनकी कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई है.

वर्ष 2020 में भी हुई थी चोरी

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2020 में भी उनके घर में इसी तरह चोरी की घटना हुई थी, जिसकी प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. एक बार फिर चोरी की घटना होने से परिवार और ग्रामीणों में नाराजगी है.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही शकुराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >