जहानाबाद के सभी प्रखंडों में आरजेडी का जोरदार धरना-प्रदर्शन, रेखा पासवान और सूबेदार दास ने भरी हुंकार

RJD Protest Jehanabad: जहानाबाद जिले के सभी सातों प्रखंड मुख्यालयों पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और प्रशासनिक भ्रष्टाचार के खिलाफ एक दिवसीय आक्रोशपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया. सदर प्रखंड में आयोजित मुख्य धरने में शामिल पूर्व विधायक रेखा पासवान ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला.

RJD Protest Jehanabad: (संजय अनुराग की रिपोर्ट) राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के शीर्ष नेतृत्व के राज्यव्यापी आह्वान पर मंगलवार को जहानाबाद जिले में राजनीतिक सरगर्मी चरम पर रही. बढ़ती महंगाई, चरमराती अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी और प्रशासनिक भ्रष्टाचार के खिलाफ राजद कार्यकर्ताओं ने जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और बिहार सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

जहानाबाद सदर प्रखंड में आयोजित मुख्य धरना की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष अरविंद चंद्रवंशी ने की. इस धरने में मुख्य अतिथि के रूप में मसौढ़ी की पूर्व विधायक रेखा पासवान विशेष रूप से शामिल हुईं. उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि देश और प्रदेश की आम जनता अब सत्तासीनों की जनविरोधी नीतियों से पूरी तरह उब चुकी है. रिकॉर्ड तोड़ महंगाई ने आम आदमी के घर का बजट बिगाड़ दिया है.

बिना रिश्वत के नहीं होता कोई काम, युवाओं का हो रहा पलायन: रेखा पासवान

कार्यकर्ताओं और आम जनता को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक रेखा पासवान ने सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया. उन्होंने कहा कि आज बिहार में भ्रष्टाचार इस कदर हावी है कि बिना रिश्वत दिए प्रखंड कार्यालय से लेकर जिला मुख्यालय तक आम लोगों का कोई भी जायज काम नहीं हो रहा है. अफसरशाही बेलगाम हो चुकी है.

उन्होंने दो टूक लहजे में चेतावनी दी कि जब तक जनता की इन ज्वलंत और बुनियादी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो जाता, तब तक राष्ट्रीय जनता दल सड़क से लेकर सदन तक अपना लोकतांत्रिक संघर्ष अनवरत जारी रखेगा. सदर प्रखंड के इस धरने का सफल संचालन नगर अध्यक्ष वैकुंठ यादव ने किया.

अपराधियों का मनोबल सातवें आसमान पर, कानून-व्यवस्था पूरी तरह फेल: सूबेदार दास

मखदुमपुर प्रखंड स्थित धरना में विधायक सूबेदार दास ने बिहार की बदहाल कानून-व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. चोरी, लूट और हत्या जैसे संगीन मामलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है, जिससे आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. उन्होंने प्रशासनिक शिथिलता का आरोप लगाते हुए कहा कि सूबे में अपराधियों का मनोबल इस कदर बढ़ चुका है कि वे बिना किसी खौफ के सरेआम बड़ी-बड़ी घटनाओं को अंजाम देकर आसानी से फरार हो जा रहे हैं और पुलिस लकीर पीटती रह जाती है.

जिले के इन वरिष्ठ नेताओं ने भी भरी हुंकार, सभी प्रखंडों में दिखा असर

सदर प्रखंड के धरने को राजद के जिलाध्यक्ष महेश ठाकुर, प्रधान महासचिव परमहंस राय, सांसद प्रतिनिधि धर्मपाल यादव, विनोद यादव, डॉ रविकांत कुमार, सुमन सिद्धार्थ, सरोज देवी और गुड़िया देवी ने भी संबोधित किया. इसके अलावा मंच पर कामिल अख्तर, कामेश्वर सिंह, विजेंद्र पाल, अशोक कुमार, सुरेश विंद, विजय गोस्वामी, दिलीप कुमार, सुनील कुमार, अर्जुन सिंह, सुजीत कुमार, साधु यादव, विमल कुमार और सूर्यदेव नारायण सहित दर्जनों मुख्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

अन्य प्रखंडों में धरने की कमान:

  • रतनी फरीदपुर प्रखंड: प्रखंड अध्यक्ष नौशाद आलम की अध्यक्षता में धरना संपन्न हुआ.
  • काको प्रखंड: रंजीत पासवान की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया.
  • मखदुमपुर प्रखंड: प्रखंड अध्यक्ष राजप्रेम यादव के नेतृत्व में प्रखंड कार्यालय का घेराव किया गया.
  • घोसी प्रखंड: प्रखंड अध्यक्ष पवन चंद्रवंशी की अगुवाई में सरकार विरोधी नारा बुलंद हुआ.
  • हुलासगंज प्रखंड: प्रखंड अध्यक्ष अरुण कुमार के नेतृत्व में भारी संख्या में कार्यकर्ता जुटे.
  • मोदनगंज प्रखंड: प्रखंड कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश कुमार की अध्यक्षता एवं विजय यादव के संचालन में धरना सफल रहा.

Also Read: पटना के इस ऐतिहासिक मंदिर का होगा कायाकल्प, एसडीओ ने अतिक्रमणकारियों को दिया 4 दिन का अल्टीमेटम

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >