Jehanabad News: (सुनील शर्मा की रिपोर्ट) घोसी थाना क्षेत्र के गोड़सर गांव में करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक का माहौल है. जानकारी के अनुसार गोड़सर गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार गांव के पश्चिम स्थित खेत में धान का बिचड़ा पटाने का कार्य कर रहे थे. इसी दौरान खेत के समीप से गुजर रहे विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आ गए. करंट का झटका इतना तेज था कि वह गंभीर रूप से झुलस गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई.
खेत में गिरा देख दौड़े ग्रामीण
आसपास मौजूद किसानों और ग्रामीणों ने जब धर्मेंद्र कुमार को जमीन पर गिरा देखा तो तत्काल उनकी ओर दौड़े. लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए.
गांव में पसरा मातम
ग्रामीणों ने बताया कि धर्मेंद्र कुमार मेहनती और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे. उनकी असामयिक मृत्यु से गांव में मातम का माहौल है. सूचना मिलने पर स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया.
मुआवजे की उठी मांग
मृतक के घर पर लोगों का तांता लगा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है. वहीं लोगों ने खेतों के आसपास लटक रहे बिजली के तारों की जांच कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की भी मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
इसे भी पढ़ें : भोजपुर पुलिस पर पिस्टल तानने वाला युवक की मौत, पुलिस मुठभेड़ में दोनों पैरों में लगी थी गोली, PMCH में तोड़ा दम
