जहानाबाद: बुजुर्ग दंपति के कमरे में कुंडी लगा चोर ले उड़े कीमती सामान, खेत में मिला टूटा बक्सा और बैग, जांच में जुटी पुलिस

Jehanabad News: जहानाबाद के परसबिगहा क्षेत्र स्थित महम्मदपुर गांव में चोरों ने देर रात एक घर का ताला तोड़कर सोने के गहने और कीमती सामान समेत करीब 7 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. घटना के समय घर में केवल बुजुर्ग दंपती मौजूद थे. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Jehanabad News: (अशोक कुमार की रिपोर्ट) परसबिगहा थाना क्षेत्र के महम्मदपुर गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया. देर रात बदमाश घर के कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और सोने के गहनों समेत करीब सात लाख रुपये मूल्य की संपत्ति लेकर फरार हो गए. घटना के समय घर में केवल बुजुर्ग दंपति मौजूद थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे.

खेत में ले जाकर तोड़ा बक्सा और बैग

चोर घर से बक्सा और बैग भी उठा ले गए. बाद में उन्हें गांव के बधार में ले जाकर ताला तोड़कर कीमती सामान निकाल लिया और खाली बक्सा व बैग वहीं फेंक दिया. सुबह घटना की जानकारी मिलने पर इलाके में हड़कंप मच गया.

पीड़ित धर्मराज सिंह ने बताया कि वह रोज की तरह एक कमरे में सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी दूसरे कमरे में थीं. सुबह करीब चार बजे वह शौच के लिए उठे. वापस लौटने पर देखा कि घर के अन्य कमरों का ताला टूटा हुआ है. शक होने पर जब उन्होंने कमरों की जांच की तो सामान बिखरा पड़ा मिला.

पत्नी के कमरे की बाहर से लगा दी थी कुंडी

धर्मराज सिंह ने बताया कि जब वह अपनी पत्नी के कमरे के पास पहुंचे तो दरवाजे में बाहर से कुंडी लगी हुई थी. कुंडी खोलकर उन्होंने पत्नी को बाहर निकाला और चोरी की जानकारी दी. इसके बाद घर के सामान की जांच करने पर सोने के गहने और अन्य कीमती सामान गायब मिले.

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई में जुटी हुई है. ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है.

इसे भी पढ़ें : बेगूसराय दुष्कर्म मामला: पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सड़कों पर उतरे भाकपा माले कार्यकर्ता, मुख्यमंत्री का पुतला फूंका

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर पलायन कर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >