Jehanabad News: (संजय अनुराग की रिपोर्ट) घोसी थाना में पदस्थापित चौकीदार शालिग्राम यादव (50 वर्ष) की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस महकमे और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है.
नोटिस बांटकर लौटने के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार शालिग्राम यादव अपने क्षेत्र में थाने की नोटिस बांटने गए थे. नोटिस वितरण के बाद वह सुस्ताने के लिए एक चाय दुकान पर पहुंचे और वहां चाय पी. इसी दौरान उन्हें अचानक चक्कर आया और वह गिरकर बेहोश हो गए.
सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
बेहोश होने के बाद आसपास के लोगों द्वारा उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल जहानाबाद लाया गया. जहां सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. संजय शर्मा ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे शालिग्राम यादव
घटना की सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंच गए. बताया जाता है कि शालिग्राम यादव परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे. उनके तीन बेटे और एक बेटी हैं, जिनमें किसी की भी शादी नहीं हुई है. मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. पत्नी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. सदर अस्पताल में भी परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद घोसी थाना की पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. हालांकि खबर लिखे जाने तक शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया था. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.
इसे भी पढ़ें: बिहार में आस्था का नया केंद्र: 26 जून को 108 फीट अर्धनारीश्वर प्रतिमा का होगा प्राण प्रतिष्ठा, कलश यात्रा के साथ महायज्ञ शुरू
