जहानाबाद: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की जीत के बाद जहानाबाद में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ जश्न मनाया. शहर के अरवल मोड़ पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर जीत की बधाई दी और अबीर-गुलाल लगाकर खुशी का इजहार किया.
नारों से गूंजा अरवल मोड़
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने "प्रशांत किशोर जिंदाबाद", "जन सुराज जिंदाबाद" और "अभी तो यह झांकी है, पूरा बिहार बाकी है" जैसे नारे लगाए. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही.
बदलाव की राजनीति का दावा
प्रदेश पार्टी कोर कमेटी के सदस्य एवं विधानसभा चुनाव में जहानाबाद से प्रत्याशी रहे अभिराम सिंह ने कहा कि जनता अब पारंपरिक राजनीति से आगे बढ़कर नए विकल्प की ओर देख रही है. उनके अनुसार, बांकीपुर उपचुनाव का परिणाम बिहार की राजनीति में बदलाव की दिशा का संकेत है.
उन्होंने कहा कि जन सुराज ने बिहार की जनता के सामने एक नया राजनीतिक विकल्प प्रस्तुत किया है और इस जीत ने जनता के विश्वास को मजबूत किया है.
अगले विधानसभा चुनाव को लेकर जताया भरोसा
अभिराम सिंह ने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जन सुराज बेहतर प्रदर्शन करेगा और जनता के समर्थन से बिहार की राजनीति में नई दिशा मिलेगी.
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार, प्रकाश बाबा, शैलेश कुमार, प्रशांत कुमार, रवि कुमार, रंजन कुमार, धनंजय कुमार, कुंदन कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें: Prashant Kishor: 51 हजार की बढ़त से करारी हार तक, प्रशांत किशोर ने बताया क्यों खिसकी बीजेपी की जमीन
