Jehanabad crime news: (संजय अनुराग की रिपोर्ट) जिले में पुलिस द्वारा पिछले 24 घंटे के दौरान चलाए गए विशेष अभियान में 32 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस की लगातार कार्रवाई और दबिश के कारण 122 लोगों ने न्यायालय एवं पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण भी किया है. इसके अलावा दो अपहृताओं को सकुशल बरामद किया गया है.
विभिन्न मामलों में 32 आरोपित गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए 32 लोगों में 13 अभियुक्त विभिन्न कांडों में फरार चल रहे थे, जबकि 19 लोगों की गिरफ्तारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर की गई है. गिरफ्तार आरोपितों में हत्या के प्रयास, पॉक्सो एक्ट, चोरी समेत अन्य मामलों में वांछित अपराधी शामिल हैं. अभियान के दौरान पुलिस ने पांच इश्तेहार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया. वहीं एक कुर्की-जब्ती वारंट का भी सफल निष्पादन किया गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा.
पुलिस दबाव से 122 लोगों ने किया आत्मसमर्पण
जिले में चलाए जा रहे लगातार छापेमारी अभियान का असर यह रहा कि 122 लोगों ने न्यायालय और पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता मान रही है. विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने दो अपहृताओं को भी बरामद किया है. दोनों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जा रही है.
1825 किलो जावा महुआ जब्त
अवैध शराब निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छापेमारी के दौरान 1825 किलोग्राम जावा महुआ जब्त किया है. पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी और अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
वाहन जांच में वसूला गया 20,500 रुपये जुर्माना
जहानाबाद शहर सहित जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए वाहन जांच अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से 20,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया.
Also Read: बिहार के उपमुख्यमंत्री को धमकी भरा कॉल, साइबर थाने में FIR, जांच में जुटी पुलिस
