Arwal News: जिला पदाधिकारी अमृता बैस एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. नवजोत सिमी की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय में एनकॉर्ड (NCORD) की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक का मुख्य उद्देश्य अरवल जिले को नशा मुक्त बनाना तथा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार, भंडारण, परिवहन एवं सेवन पर प्रभावी रोकथाम सुनिश्चित करना था.
मादक पदार्थों के खिलाफ चलाया जाएगा सघन अभियान
बैठक में जिले में मादक पदार्थों की रोकथाम को लेकर अब तक की गई कार्रवाई, विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जागरूकता कार्यक्रमों तथा कानून प्रवर्तन एजेंसियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई.
डीएम अमृता बैस ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जाए. संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए तथा प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
प्रवेश और निकास मार्गों पर होगी कड़ी जांच
बैठक में पुलिस विभाग को निर्देश दिया गया कि जिले के प्रवेश एवं निकास मार्गों, सार्वजनिक स्थलों तथा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित वाहन जांच और तलाशी अभियान चलाया जाए. इसका उद्देश्य मादक पदार्थों के अवैध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाना है.
स्कूल-कॉलेजों में चलेगा जागरूकता अभियान
शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, उत्पाद विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों को विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायतों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया.
अधिकारियों को युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में जनसहभागिता बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया.
दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई
डीएम ने कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण प्रशासन और आम जनता के संयुक्त प्रयास से ही संभव है. उन्होंने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की जाएगी.
बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे. सभी अधिकारियों ने नशा मुक्त अरवल के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई करने का संकल्प लिया.
