जहानाबाद के उत्पाद विभाग कर्मियों पर ₹2.10 लाख वसूलने का आरोप, नालंदा के पीड़ित से मारपीट भी की

जहानाबाद उत्पाद विभाग के कर्मियों पर 40 वर्षीय अम्पू कुमार से ₹2.10 लाख की अवैध वसूली और मारपीट का गंभीर आरोप लगा है. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. जानिए इस सनसनीखेज घटना के बारे में.

​Jehanabad Excise Department : जहानाबाद जिले के उत्पाद विभाग में अवैध वसूली और मारपीट का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है. पीड़ित की शिकायत पर हुलासगंज थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटना के संबंध में बताया गया कि ​नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना अंतर्गत ग्राम मनीचक निवासी 40 वर्षीय अम्पू कुमार ने हुलासगंज थाना अध्यक्ष को एक लिखित आवेदन दिया है.

पीड़ित ने क्या बताया

आवेदन के अनुसार 9 मार्च 2026 की सुबह लगभग 4:30 बजे अम्पू कुमार अपने साथी श्याम सुन्दर शर्मा के साथ गया जिले से इस्लामपुर लौट रहे थे. ​इसी दौरान हुलासगंज के चुहड़मल चौक के पास उत्पाद विभाग की टीम वाहनों की जांच कर रही थी. अधिकारियों ने अम्पू कुमार की गाड़ी (BR 01 HT 3074) को रोका. पीड़ित का आरोप है कि गाड़ी रुकते ही उत्पाद विभाग के कर्मियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और जबरन गाड़ी की चाबी व दो मोबाइल फोन छीन लिए.

गाली-गलौज और जबरन वसूली का आरोप

शिकायत में मुख्य रूप से उत्पाद विभाग के निरीक्षक मुकेश कुमार, अवर निरीक्षक रंजीता सिंह, सहायक अवर निरीक्षक संतोष कुमार और सहायक अवर निरीक्षक नरसिंह सिंह को नामजद किया गया है.

आरोप है कि इन अधिकारियों ने गाली-गलौज करते हुए श्याम सुन्दर शर्मा की जेब से जबरन साठ हजार रुपये निकाल लिए. ​इसके बाद वे पीड़ितों को साहो विगहा नहर पर ले गए, जहां दोबारा मारपीट की गई. वहां अम्पू कुमार से एक लाख पचास हजार रुपये की और मांग की गई. धमकी दी गई कि यदि पैसे नहीं दिए, तो गाड़ी में दो पेटी शराब रखकर उन्हें जेल भेज दिया जाएगा. डर के मारे पीड़ित ने अपने पिता से फोन पर बात कर ₹1,50,000 की व्यवस्था कराई. इस प्रकार कुल ₹2,10,000 की अवैध वसूली की गई.

दबाव डालकर बनाया वीडियो

पीड़ित का यह भी आरोप है कि जबरन पैसे लेने के बाद, मद्यनिषेध अवर निरीक्षक रंजीता सिंह द्वारा साहो विगहा नहर पर एक वीडियो बनाया गया. वीडियो बनाने से पहले अम्पू कुमार को डरा-धमका कर यह बोलने के लिए मजबूर किया गया कि उनके साथ कोई मारपीट नहीं हुई है.

​क्या हुई है कार्रवाई

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हुलासगंज थाने में कांड संख्या 238/26 दर्ज कर ली गई है. मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. ​

Also Read : जहानाबाद एसपी ने कंट्रोल रूम व ERSS-112 कमांड सेंटर का किया निरीक्षण, 24 घंटे निगरानी का दिया निर्देश


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Mritunjay Jehanabad

Published by: Anjani Pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >