वैशाली में अंधविश्वास के नाम पर महिला की पिटाई, घर में घुसकर मारपीट का आरोप

गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र के चकफूल गांव से अंधविश्वास का भयानक मामला सामने आया है. गांव के कुछ दबंगों ने एक महिला को ओझा बताकर उसके घर में घुसकर जमकर पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Hajipur superstition attack: गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र के चकफूल गांव में अंधविश्वास के नाम पर हिंसक मारपीट का मामला सामने आया है. रविवार सुबह एक महिला पर ओझा होने का आरोप लगाकर कुछ लोगों ने घर में घुसकर उसकी पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल महिला की पहचान चकफूल गांव निवासी रविंद्र पासवान की 55 वर्षीय पत्नी परमशीला देवी के रूप में हुई है. घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है.

घर पहुंचकर की गाली-गलौज और मारपीट

घायल महिला के पुत्र गणेश पासवान ने बताया कि रविवार सुबह उनके पड़ोसी बृजनंदन पासवान का पुत्र अजय पासवान उनके घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा. विरोध करने पर उसने उनकी मां के साथ मारपीट शुरू कर दी. गणेश पासवान का आरोप है कि उनकी मां पर झाड़-फूंक करने और अंधविश्वास के तहत जादू-टोना कर एक लड़की की जान लेने का बेबुनियाद आरोप लगाया जा रहा था.

पुरानी घटना को लेकर रंजिश का आरोप

परिजनों के अनुसार करीब एक महीने पहले गांव में करंट लगने से एक लड़की की मौत हो गई थी, जिसका अंतिम संस्कार तत्काल कर दिया गया था. आरोप है कि इसी घटना को लेकर आरोपी रंजिश रखे हुए था और उसी के चलते महिला को निशाना बनाया गया. पीड़ित परिवार का कहना है कि बिना किसी आधार के अंधविश्वास फैलाकर उनकी मां को प्रताड़ित किया गया और मारपीट की गई.

शिकायत करने पर दी जान से मारने की धमकी

परिजनों ने आरोप लगाया कि मारपीट के बाद आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी. साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि पुलिस में शिकायत की गई तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे. घटना के बाद परिवार दहशत में है और पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग कर रहा है.

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की सूचना स्थानीय थाना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

Also Read: क्या विजय सिन्हा, पवन सिंह और रामकृपाल यादव के कार्यक्रम में मचा था हंगामा? वायरल वीडियो की सच्चाई जानिए


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhishek Kumar

अभिषेक कुमार मैं 9 साल से पत्रकारिता कर रहा हूं नेशनल मीडिया चैनल में के साथ काम किया हूं मेरी सबसे अच्छा पकड़ क्राइम की खबर और राजनीतिक की खबर पर है वहीं दैनिक अखबारी के डिजिटल बिग में भी काम कर चुका हूं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >