Vaishali News : (नीरज कुमार) वैशाली जिले के राजापाकर प्रखंड की मीरपुर पतार पंचायत स्थित गायत्री प्रज्ञा पीठ, डुमरी परिसर में बज्जिका भाषा और लोकसंस्कृति को समर्पित पुस्तक विमोचन समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस दौरान बज्जिका भाषा में लिखी दो महत्वपूर्ण पुस्तकों का लोकार्पण किया गया.
दो बज्जिका पुस्तकों का हुआ लोकार्पण
कार्यक्रम में ‘बज्जिका संस्कार गीत’ और ‘बज्जिका देवी भक्ति लोकगीत’ पुस्तकों का विमोचन किया गया. दोनों पुस्तकों की लेखिका प्रभा कुमारी हैं, जो भारतीय प्रशासनिक सेवा से सेवानिवृत्त प्रमोद कुमार शर्मा की पत्नी हैं.
लोकसंस्कृति और संस्कारों का अनूठा संगम
लेखिका प्रभा कुमारी ने बताया कि पुस्तक की शुरुआत जन्म संस्कार से जुड़े गीतों से की गई है. इसमें सोहर सहित देवी-देवताओं और ग्रामीण जीवन से जुड़े सैकड़ों पारंपरिक बज्जिका लोकगीतों का संकलन किया गया है, जो लोकसंस्कृति और संस्कारों को जीवंत रूप में प्रस्तुत करते हैं.
लेखिका ने सुनाए बज्जिका देवी गीत
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों के आग्रह पर प्रभा कुमारी ने बज्जिका देवी गीत प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर उपस्थित लोग मंत्रमुग्ध हो गए. कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की पुस्तकें बज्जिका भाषा और लोक परंपराओं के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी.
कई शिक्षाविद और गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम का उद्घाटन प्रोफेसर रामप्रवेश सिंह, भारतीय प्रशासनिक सेवा से सेवानिवृत्त प्रमोद कुमार शर्मा, प्रोफेसर रणबीर कुमार राजन, प्रोफेसर सुधांशु रंजन तथा प्रभा कुमारी ने संयुक्त रूप से किया. समारोह में अवधेश पांडे, मणि भूषण प्रसाद सिंह ‘अकेला’, ज्वाला प्रसाद, पूनम देवी, मुन्नी कुमारी, रानी कुमारी, रश्मि कुमारी, मृणाल कुमार, जगदीश शर्मा, शत्रुघ्न प्रसाद सिंह, अशोक कुमार मुन्ना, प्रशांत कुमार समेत बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष उपस्थित रहे.
