Hajipur News : बेलसर थाना क्षेत्र के एक उच्च माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने गईं दो नाबालिग छात्राएं अचानक लापता हो गईं. दोनों छात्राओं के गायब होने के बाद परिजनों ने सरकारी विद्यालय की दो शिक्षिकाओं और एक कार चालक पर छात्राओं को कार में जबरन बैठाकर अपहरण करने का गंभीर आरोप लगाया है. मामले में बेलसर थाने में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोप में इस्तेमाल की गई कार को जब्त कर लिया है. दोनों छात्राओं की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
दोनों छात्राएं एक ही गांव की रहने वाली हैं और इंटर की छात्राएं हैं. परिजनों के अनुसार, दोनों 16 सितंबर को रोज की तरह विद्यालय जाने के लिए घर से निकली थीं. आरोप है कि विद्यालय पहुंचने के बाद शिक्षिका सरिता कुमारी और रेणु कुमारी तथा पटना जिले के दुल्हिन बाजार निवासी कार चालक श्लोक कुमार ने दोनों छात्राओं को जबरन कार में बैठाया और वहां से लेकर फरार हो गए. इसके बाद दोनों छात्राओं का कोई पता नहीं चला.
Also Read : पटना: साइबर अपराधियों तक संदिग्ध सिम पहुंचाने वाले आधार सेंटर, साइबर कैफे और पीओएस एजेंटों पर कार्रवाई तेज
शाम तक घर नहीं लौटीं तो बढ़ी परिजनों की बेचैनी
छात्राओं के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने पहले अपने स्तर से उनकी खोजबीन की. कोई सुराग नहीं मिलने पर कार चालक के पिता से फोन पर संपर्क किया गया. परिजनों का आरोप है कि फोन पर दोनों छात्राओं को घर लाने की बात कही गई, लेकिन देर शाम तक दोनों वापस नहीं लौटीं. इसके बाद परिजन थाने पहुंचे और पुलिस से दोनों छात्राओं को तत्काल बरामद करने की गुहार लगायी.
मानव तस्करी की आशंका से सहमे परिजन
प्राथमिकी में परिजनों ने आशंका जतायी है कि दोनों नाबालिगों को बहला-फुसलाकर किसी अनैतिक गतिविधि या मानव तस्करी के उद्देश्य से कहीं ले जाया गया हो सकता है. हालांकि, छात्राएं किन परिस्थितियों में लापता हुईं और उन्हें किस उद्देश्य से ले जाया गया, यह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
कार जब्त कर आरोपों की जांच में जुटी पुलिस
बेलसर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि प्राथमिकी में जिस कार से छात्राओं को ले जाने का आरोप लगाया गया है, उसे जब्त कर लिया गया है. प्राथमिकी दर्ज करने के बाद दोनों छात्राओं की सकुशल बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
Also Read : कैमूर में आर्मी जवान की मौत के बाद पांच घंटे तक एनएच जाम, एसपी के आश्वासन पर शांत हुए परिजन और ग्रामीण
