Hajipur News : बिदुपुर थाना क्षेत्र के नयाटोला मधुरापुर गांव में 35 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान महासुंदरी देवी, पति अनिल राय, के रूप में हुई है. घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है.
मायके पक्ष ने हत्या का लगाया आरोप
मृतका के पिता, गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र के सरायपुर निवासी अशरफी राय ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की पीट-पीटकर हत्या की गई. उनका आरोप है कि हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को सिक्स लेन पुल से गंगा नदी में फेंक दिया गया. घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के बड़ी संख्या में लोग गांव पहुंचे और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे.
पति पर मारपीट का आरोप, दो छोटे बच्चों को छोड़ गई महिला
परिजनों का आरोप है कि मृतका का पति अनिल राय नशे का आदी था और अक्सर उसके साथ मारपीट करता था. उनका कहना है कि मंगलवार की देर शाम भी महासुंदरी देवी के साथ मारपीट की गई थी, जिसकी सूचना उन्हें मिली थी. हालांकि रात होने के कारण वे मौके पर नहीं पहुंच सके. बुधवार सुबह गांव पहुंचने पर उन्हें बेटी की हत्या कर शव गंगा नदी में फेंके जाने की जानकारी मिली. महासुंदरी देवी अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी सहित दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं.
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जुटी जांच में
घटना की सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए. घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हैं. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
शव की तलाश जारी, पुलिस ने कार्रवाई का दिया भरोसा
थानाध्यक्ष रवि प्रकाश ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है. महिला के शव की तलाश की जा रही है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा. आवेदन प्राप्त होने के बाद सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
