Hajipur IPS Transfer: (कैफ अहमद) बिहार सरकार के गृह विभाग (आरक्षी शाखा) द्वारा जारी अधिसूचना के तहत भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) एवं बिहार पुलिस सेवा के कई अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है. इसी क्रम में शिवहर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) शुभांक मिश्रा को वैशाली जिले का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है.
गृह विभाग द्वारा 18 जून 2026 को जारी अधिसूचना संख्या 17 पी-1-017/2025 ग०आ०-7785 के अनुसार राज्य के कई आईपीएस और बिहार पुलिस सेवा के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. इसी आदेश के तहत शुभांक मिश्रा को वैशाली जिले की कमान सौंपी गई है.
वैशाली से पहले भी रहा है गहरा जुड़ाव
शुभांक मिश्रा का वैशाली जिले से पुराना नाता रहा है. वे इससे पहले पातेपुर थाना प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, अपराध नियंत्रण और जनता के बीच बेहतर पुलिसिंग की छवि स्थापित करने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए थे.
उनके कार्यशैली को देखते हुए स्थानीय लोगों और पुलिस महकमे में उनकी अलग पहचान बनी थी. ऐसे में एक बार फिर वैशाली जिले की जिम्मेदारी मिलने से लोगों में बेहतर पुलिस व्यवस्था की उम्मीद बढ़ गई है.
जल्द संभालेंगे पदभार
जानकारी के अनुसार शुभांक मिश्रा जल्द ही वैशाली के पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण करेंगे. पदभार संभालने के बाद उनकी प्राथमिकता जिले में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन तथा आम जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना होगी.
पुलिसिंग को नई दिशा मिलने की उम्मीद
प्रशासनिक हलकों में माना जा रहा है कि शुभांक मिश्रा के नेतृत्व में वैशाली पुलिस अपराधियों के खिलाफ और अधिक प्रभावी अभियान चलाएगी. साथ ही पुलिसिंग में पारदर्शिता, त्वरित कार्रवाई और जनसुनवाई व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी. जिले के लोगों को नए एसपी से कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने की उम्मीद है.
इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद के नए एसपी बने उपेंद्र नाथ वर्मा, अंबरीष राहुल को मिली नई जिम्मेदारी
