हाजीपुुर के जमुनी लाल महाविद्यालय में फ्रेशर पार्टी का आयोजन, राष्ट्रीय शिक्षा नीति और शैक्षणिक कार्यक्रम की दी गई जानकारी

Hajipur News: जमुनी लाल महाविद्यालय ने मानविकी एवं वाणिज्य संकाय के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया. इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. बीरेंद्र कुमार ने शिक्षा को चुनौतियों का सामना करने का सशक्त माध्यम बताया. कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महाविद्यालय की परंपराओं और सुविधाओं से अवगत कराया गया.

Hajipur News: शहर के हथसारगंज मोहल्ला स्थित जमुनी लाल महाविद्यालय परिसर में शनिवार को मानविकी एवं वाणिज्य संकाय के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बीरेंद्र कुमार ने की, जबकि संचालन डॉ. धर्मेंद्र कुमार सिंह ने किया.

कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक परंपराओं, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, सेमेस्टर प्रणाली, परीक्षा व्यवस्था, आंतरिक मूल्यांकन, पुस्तकालय, डिजिटल संसाधनों, अनुशासन, एंटी-रैगिंग नियमों तथा महाविद्यालय में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं से अवगत कराना था.

शिक्षा से चुनौतियों का किया जा सकता है सामना

प्राचार्य डॉ. बीरेंद्र कुमार ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि वर्तमान समय वैश्विक स्तर पर संक्रमण और चुनौतियों का दौर है, जिसका प्रभाव प्रत्येक क्षेत्र पर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके जरिए इन चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया जा सकता है. विद्यार्थियों को अनुशासित रहते हुए गुरु-शिष्य परंपरा का निर्वहन करते हुए चार वर्षों के शैक्षणिक जीवन में अपना सर्वांगीण विकास करना चाहिए. उन्होंने कहा कि महाविद्यालय ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास का केंद्र होता है तथा शिक्षक विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहते हैं.

विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम और करियर की दी गई जानकारी

डॉ. प्रीति ने अपने वक्तव्य में दर्शनशास्त्र एवं भाषाई विषयों के महत्व को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों को इन विषयों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया. वहीं वाणिज्य संकाय की शिक्षिका डॉ. लावण्या नूपुर और डॉ. स्मृति सौरव सिंह ने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम संरचना, सीबीसीएस प्रणाली, अकादमिक क्रेडिट, परीक्षा प्रणाली, रोजगार एवं उच्च शिक्षा की संभावनाओं, शोध गतिविधियों, कौशल विकास तथा छात्र कल्याण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी.

राष्ट्रगान के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन

कार्यक्रम के अंत में डॉ. श्याम किशोर सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया. राष्ट्रगान के साथ दीक्षारंभ कार्यक्रम का समापन हुआ. इस अवसर पर डॉ. श्वेता, डॉ. अरिहंत नचीकेता, डॉ. कुमारी कंचन, डॉ. विभा, डॉ. सुमत, डॉ. प्रीति चंद्रा, डॉ. रजनीश, डॉ. निधि रस्तोगी, डॉ. लावण्या नूपुर, डॉ. निहारिका भारती, डॉ. नितिन कुमार, डॉ. इरतिजा हुसैन, राजीव, शंभु, विश्वजीत और रामकुमार सहित बड़ी संख्या में नवप्रवेशी छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Rahul Ray

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >