Jeevika Sewing Center: उचकागांव प्रखंड अंतर्गत साथी गांव में यश एंटरप्राइजेज के बैनर तले संचालित जीविका सिलाई सेंटर का अधिकारियों ने निरीक्षण किया. इस दौरान सिलाई कार्य में लगी जीविका कर्मियों की समस्याओं को सुनते हुए उनके लिए सुविधाओं के विस्तार का निर्णय लिया गया.
निरीक्षण के दौरान उचकागांव बीडीओ मनोज कुमार पंडित, जीविका की बीपीएम नेहा कुमारी, एरिया कोऑर्डिनेटर पंकज कुमार और आकांक्षी प्रखंड साथी अंजलि तिवारी मौजूद रहीं. अधिकारियों ने कर्मियों से कार्य के दौरान आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों की जानकारी ली.
बीडीओ मनोज कुमार पंडित ने आश्वासन दिया कि केंद्र पर कार्यरत महिलाओं को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए एक सप्ताह के भीतर आरओ सिस्टम स्थापित कर दिया जाएगा. इसके अलावा कर्मियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से हर महीने एक दिन नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन भी किया जाएगा.
2,23,082 बच्चों की पोशाक सिलाई का मिला है जिम्मा
जीविका की बीपीएम नेहा कुमारी ने बताया कि साथी गांव स्थित इस सिलाई केंद्र को गोपालगंज जिले के सभी 14 प्रखंडों के आंगनवाड़ी केंद्रों में पढ़ रहे 2,23,082 बच्चों की पोशाक सिलाई का जिम्मा सौंपा गया था. वर्तमान में केंद्र पर 65 जीविका कर्मी पूरी लगन के साथ कार्य कर रही हैं, जो प्रतिदिन लगभग 1,000 पोशाकें तैयार करती हैं.
अब तक जीविका के माध्यम से केंद्र को 1,62,900 बच्चों की पोशाक निर्माण के लिए कपड़ा उपलब्ध कराया जा चुका है. इसमें से 1,43,497 पोशाकें सिलकर तैयार की जा चुकी हैं और उनका वितरण भी कर दिया गया है.
उत्कृष्ट कार्य को देखते हुए सुविधाओं का विस्तार
जीविका कर्मियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और मेहनत को देखते हुए ही पेयजल और स्वास्थ्य शिविर संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि आंगनवाड़ी बच्चों की पोशाक का कार्य पूरा होने के बाद जिले के मध्य विद्यालयों के छात्रों की पोशाक सिलाई का काम भी इसी केंद्र के माध्यम से शुरू कराया जाएगा.
