Gopalganj News: थावे अंचल में पदस्थापित विशेष सर्वेक्षण अमीन विनय कुमार पर लगे गंभीर आरोपों के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की है. जिलाधिकारी समीर सौरभ के निर्देश पर हुई जांच के बाद जिला बंदोबस्त पदाधिकारी ने विशेष सर्वेक्षण अमीन की प्रतिनियुक्ति तत्काल प्रभाव से थावे से उचकागांव कर दी है.
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद प्रखंड और अंचल स्तर पर चर्चा तेज हो गयी है. वहीं, कार्रवाई के बाद संबंधित कर्मियों में भी हड़कंप की स्थिति बतायी जा रही है.
बीस सूत्री की बैठक में उठा था मामला
जानकारी के अनुसार, थावे प्रखंड सभागार में आयोजित बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक में पूर्वी भाजपा मंडल अध्यक्ष सह बीस सूत्री सदस्य अजय सिंह ने विशेष सर्वेक्षण अमीन विनय कुमार के खिलाफ गंभीर आरोप लगाये थे.
उन्होंने आरोप लगाया था कि भूमि सर्वेक्षण के काम में मनमानी की जा रही है और लोगों से कथित रूप से प्रति खेसरा पांच हजार रुपये की मांग की जा रही है. बैठक में इस मामले को प्रमुखता से उठाते हुए निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की गयी थी.
डीएम के निर्देश पर हुई जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी समीर सौरभ ने पूरे प्रकरण की जांच कराने का निर्देश दिया. इसके बाद संबंधित स्तर पर मामले की जांच की गयी.
जांच के दौरान विशेष सर्वेक्षण अमीन के खिलाफ कई शिकायतें और कार्य निष्पादन में लापरवाही से जुड़े बिंदु सामने आने के बाद जिला बंदोबस्त पदाधिकारी ने कार्रवाई करते हुए उनकी प्रतिनियुक्ति थावे से उचकागांव कर दी.
हालांकि, सामने आये आरोपों के संबंध में संबंधित अमीन का पक्ष उपलब्ध नहीं हो सका है. प्रशासनिक जांच के निष्कर्षों और विभागीय कार्रवाई के आगे के चरण पर अब नजर रहेगी.
भूमि सर्वेक्षण में पारदर्शिता पर प्रशासन का जोर
विशेष सर्वेक्षण अमीन की प्रतिनियुक्ति बदले जाने की कार्रवाई को प्रशासन की ओर से भूमि सर्वेक्षण कार्य में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
भूमि सर्वेक्षण से जुड़े कार्यों में आम लोगों की बड़ी संख्या में भागीदारी होने के कारण प्रशासन लगातार शिकायतों और कार्यों की प्रगति पर नजर रख रहा है. इस कार्रवाई के बाद अब लोगों को उम्मीद है कि सर्वेक्षण कार्य में अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा.
