Gopalganj MDM Report : गोपालगंज जिले में मध्यान्ह भोजन योजना की ऑनलाइन मॉनिटरिंग में बड़ी लापरवाही सामने आई है. शिक्षा विभाग की समीक्षा में 253 विद्यालयों द्वारा ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर समय पर एमडीएम रिपोर्ट अपलोड नहीं करने का मामला उजागर हुआ है. विभाग ने संबंधित प्रधानाध्यापकों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है.
भोजन के एक घंटे के भीतर रिपोर्ट अपलोड करना अनिवार्य
शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालयों को निर्देश दिया है कि बच्चों को मध्यान्ह भोजन कराने के अधिकतम एक घंटे के भीतर ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर एमडीएम की रिपोर्ट अपलोड करना अनिवार्य है. इसी ऑनलाइन रिपोर्ट के आधार पर जिला स्तर पर प्रतिदिन योजना की निगरानी और समीक्षा की जाती है. निर्धारित समय सीमा का पालन नहीं करने पर संबंधित विद्यालयों की जवाबदेही तय की जाएगी.
समीक्षा में 253 विद्यालयों की लापरवाही आई सामने
विभागीय समीक्षा के अनुसार जिले में कुल 1,915 विद्यालय हैं, जिनमें 1,681 विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन योजना संचालित हो रही है. मंगलवार शाम चार बजे तक केवल 1,428 विद्यालयों ने ही ई-शिक्षाकोष पर एमडीएम रिपोर्ट अपलोड की थी. जबकि 253 विद्यालयों की ओर से कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई. विभाग ने ऐसे सभी विद्यालयों को चिन्हित कर लिया है.
ऑनलाइन मॉनिटरिंग पर पड़ा असर
शिक्षा विभाग का कहना है कि समय पर रिपोर्ट अपलोड नहीं होने से यह सत्यापित करना मुश्किल हो जाता है कि संबंधित विद्यालय में निर्धारित मेन्यू के अनुसार बच्चों को मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराया गया या नहीं. इससे विभाग की ऑनलाइन मॉनिटरिंग और समीक्षा व्यवस्था भी प्रभावित होती है.
लापरवाह प्रधानाध्यापकों पर होगी विभागीय कार्रवाई
विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना उचित कारण समय पर रिपोर्ट अपलोड नहीं करने वाले प्रधानाध्यापकों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी. लगातार लापरवाही करने वाले एचएम की जवाबदेही तय की जाएगी. सभी विद्यालयों को भविष्य में भोजन कराने के तुरंत बाद निर्धारित समय के भीतर ई-शिक्षाकोष पर रिपोर्ट अपलोड करने का सख्त निर्देश दिया गया है.
