गोपालगंज की महिमा कौशिक ने नीट में पाई शानदार सफलता, डॉक्टर बनकर समाजसेवा का सपना

गोपालगंज के बैकुंठपुर की बेटी महिमा कौशिक ने नीट परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और पूरे जिले में खुशी का माहौल है। महिमा का सपना एक कुशल डॉक्टर बनकर समाजसेवा करना है।

गोपालगंज: जिले के बैकुंठपुर प्रखंड अंतर्गत हमीदपुर गांव की बेटी महिमा कौशिक ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) में शानदार सफलता हासिल कर अपने परिवार और पूरे जिले का नाम रोशन किया है. उनकी इस उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है. परिजनों एवं शुभचिंतकों ने मिठाई खिलाकर उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.

मेहनत और समर्पण से मिली सफलता

महिमा के पिता अभिमन्यु सिंह और माता संगीता सिंह ने कहा कि उनकी बेटी ने निरंतर मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह सफलता प्राप्त की है. परिवार के मार्गदर्शन और नियमित अध्ययन ने उसके लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

अपनी सफलता पर महिमा ने कहा, "कठिन परिश्रम का कोई विकल्प नहीं है. नियमित अध्ययन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से ही मुझे यह सफलता मिली है. मेरा सपना एक कुशल डॉक्टर बनकर चिकित्सा के माध्यम से समाजसेवा करना है."

शिक्षा और उपलब्धियों से प्रेरित है परिवार

महिमा तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी हैं. उनके बड़े भाई आदित्य कौशिक ने आईआईटी रुड़की से बीटेक की पढ़ाई पूरी की है, जबकि छोटे भाई कुशाग्र सिंह वर्तमान में सैनिक स्कूल, गोपालगंज में अध्ययनरत हैं.

परिवार ने जताया गर्व

महिमा के चाचा एवं छपरा सदर अस्पताल के सेवानिवृत्त उपाधीक्षक डॉ. शंभूनाथ सिंह तथा चाची पूनम रानी सिंह ने कहा कि महिमा की सफलता पूरे गांव के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने भावुक होकर कहा कि यदि आज महिमा के दादा स्वर्गीय जगन्नाथ सिंह और दादी स्वर्गीय संपत्तो देवी जीवित होते, तो अपनी पोती की इस उपलब्धि पर बेहद खुश होते.

गांव में खुशी का माहौल

महिमा की सफलता की खबर मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई. ग्रामीणों ने इसे जिले के लिए गौरव की उपलब्धि बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Suresh rai

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >