गोपालगंज में महावीरी अखाड़ा जुलूस के बहिष्कार का ऐलान, प्रतिबंधों से नाराज युवाओं ने बैठक कर लिया फैसला

मांझा में प्रशासन द्वारा डीजे और ऑर्केस्ट्रा पर रोक लगाने से नाराज युवाओं ने महावीरी अखाड़ा जुलूस और मेले का बहिष्कार करने का बड़ा निर्णय लिया है।

Gopalganj News : मांझा में महावीरी अखाड़ा जुलूस को लेकर प्रशासन की ओर से लगाए गए विभिन्न प्रतिबंधों के खिलाफ युवाओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा है. सोमवार को मांझा बाजार में युवाओं की बैठक हुई, जिसमें आगामी 14 और 15 सितंबर को आयोजित होने वाले महावीरी अखाड़ा जुलूस का बहिष्कार करने का सामूहिक निर्णय लिया गया.

प्रतिबंधों से बदलेगा जुलूस का पारंपरिक स्वरूप

बैठक में युवाओं ने कहा कि महावीरी अखाड़ा जुलूस वर्षों से पारंपरिक तरीके से आयोजित होता आ रहा है. जुलूस में ऑर्केस्ट्रा, डीजे, हाथी, वैन सहित अन्य व्यवस्थाएं आकर्षण का प्रमुख हिस्सा रही हैं. इन सभी पर प्रतिबंध लगाए जाने से जुलूस का पारंपरिक स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा.

युवाओं ने कहा- फिर जुलूस निकालने का क्या औचित्य

युवाओं का कहना था कि यदि जुलूस में सभी प्रमुख आकर्षणों और पारंपरिक व्यवस्थाओं पर रोक रहेगी तो अखाड़ा जुलूस निकालने का औचित्य ही क्या रह जाएगा. उन्होंने कहा कि सभी चीजों पर प्रतिबंध लगाकर जुलूस निकालना महज औपचारिकता बनकर रह जाएगा और इसका स्वरूप किसी मातमी जुलूस जैसा दिखाई देगा.

इस वर्ष अखाड़ा नहीं निकालने का सामूहिक फैसला

इन्हीं मुद्दों को लेकर बैठक में इस वर्ष महावीरी अखाड़ा जुलूस नहीं निकालने और मेले का बहिष्कार करने का सामूहिक निर्णय लिया गया. युवाओं ने कहा कि प्रशासन की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए, ताकि वर्षों पुरानी परंपरा के अनुरूप आयोजन हो सके.

प्रशासन से बातचीत कर समाधान निकालने की मांग

युवाओं ने प्रशासन से मांग की कि महावीरी अखाड़ा जुलूस की परंपरा और धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए उचित व्यवस्था की जाए. साथ ही आयोजकों और प्रशासन के बीच बातचीत कर सभी समस्याओं का समाधान निकाला जाए, ताकि जुलूस को लेकर विवाद की स्थिति समाप्त हो सके.

कई अखाड़ा समितियों के सदस्य रहे मौजूद

बैठक में भवानीगंज, लंगटूहाता, सुदा साह के टोला, कर्णपुरा, पुरानी बाजार, बलुआ टोला, नया टोला, बहोरा हाता और वृति टोला अखाड़ा समिति के सदस्य मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कुमार अखिल

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >