Gopalganj News : बिहार राज्य जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता-2026 के तहत आयोजित जोनल कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए गोपालगंज जिला कबड्डी संघ की टीम को सोमवार को विधिवत रवाना किया गया. इस अवसर पर जिला कबड्डी संघ के महासचिव कमल कुमार पटेल और समाजसेवी सह मीरगंज शांति समिति के अध्यक्ष रवि केसरी शर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं.
आदित्य यादव संभालेंगे टीम की कमान
गोपालगंज टीम की कप्तानी आदित्य यादव करेंगे, जबकि अरमान हुसैन को उपकप्तान बनाया गया है. टीम के कोच कुंदन सिंह के मार्गदर्शन में खिलाड़ी प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं. टीम में गोलू कुमार, शात्विक पाल, आदित्य यादव (कप्तान), अंकित कुमार, हैदर अली, इमरान अंसारी, आकाश कुमार चौहान, अरमान हुसैन (उपकप्तान), शाहिल ठाकुर, सोनू कुमार, अनुप कुमार, साहिल आलम, सहनवाज शेख और जीतेश यादव शामिल हैं.
खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
इस मौके पर जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष सुनील कुमार और कोषाध्यक्ष विनीत कुमार शर्मा ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि टीम प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेगी. उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और टीम भावना के साथ खेलकर सफलता हासिल की जा सकती है.
पूर्व प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन से बढ़ा भरोसा
जिला कबड्डी संघ के महासचिव कमल कुमार पटेल ने कहा कि खिलाड़ियों ने पूर्व चरणों में शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने विश्वास जताया कि यह टीम आगामी प्रतियोगिता में भी बेहतर खेल का प्रदर्शन करेगी और राज्य स्तर पर गोपालगंज का गौरव बढ़ाएगी.
