Gaya Ji News: जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में दो नाबालिग बच्चियों के लापता होने का मामला सामने आया है. दोनों बच्चियां शनिवार की सुबह करीब 9 बजे घर से कोचिंग जाने के लिए निकली थीं, जिसके बाद से वे वापस नहीं लौटीं. परिजनों की शिकायत पर पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है.
घर से कोचिंग के लिए निकली थीं दोनों छात्राएं
परिजनों के अनुसार, लापता बच्चियों में एक की उम्र करीब 13 वर्ष और दूसरी की 14 वर्ष है. देर शाम तक जब दोनों घर नहीं पहुंचीं, तो परिजनों ने रिश्तेदारों, कोचिंग सेंटर और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की. कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने वजीरगंज थाने में आवेदन देकर बहला-फुसलाकर अपहरण किए जाने की आशंका जताई और जल्द बरामदगी की गुहार लगाई.
एक बच्ची का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
इसी बीच लापता बच्चियों में से एक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में बच्ची परिजनों को संदेश देते हुए कह रही है कि वह जहां भी है, ठीक और खुश है. वह अपहरण की बात से इंकार करते हुए अपनी मर्जी से जाने का दावा कर रही है.
Also Read: गया जी: खाद की कालाबाजारी करने वालों पर सख्ती, 25 लाइसेंस रद्द, दो दुकानदारों पर FIR दर्ज
दूसरी बच्ची का अब तक सुराग नहीं
मामले के संबंध में वजीरगंज थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर एक बच्ची के बिहार से बाहर होने की सूचना मिली है. वहीं, दूसरी बच्ची का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी तकनीकी पहलुओं पर काम कर रही है और दोनों बच्चियों की सकुशल बरामदगी के लिए लगातार प्रयास जारी हैं.
नोट: यह वायरल वीडियो कितना सत्य है, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है और पुलिस इसकी सत्यता जांच रही है.
Also Read: गया जी : वजीरगंज से दो नाबालिग बच्चियां लापता-कोचिंग से नहीं लौटीं, परिजनों ने अपहरण की जताई आशंका
