गया जी : बारिश के बाद वार्ड-2 में घरों में घुसा नाले का पानी, रातभर परेशान रहे लोग

लगातार बारिश ने फतेहपुर की सफाई व्यवस्था और नाला निर्माण की गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं. जलजमाव की स्थिति से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

गुरुवार की रात से शुक्रवार की सुबह तक हुई लगातार बारिश ने फतेहपुर नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था व नाला निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिये हैं. बारिश के बाद नगर पंचायत के कई वार्डों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी.

कई स्थानों पर नालियां ओवरफ्लो हो गयीं, जबकि सड़कों का पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया. इससे स्थानीय लोगों को रातभर भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

गलत ढाल के कारण घरों में घुसा पानी

नगर पंचायत के वार्ड संख्या-2 निवासी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना के तहत उनके मुहल्ले में नाले का निर्माण कराया गया था. उम्मीद थी कि इससे बारिश के पानी की निकासी बेहतर होगी, लेकिन नाले के निर्माण के बाद स्थिति और खराब हो गयी है.

उन्होंने आरोप लगाया कि नाले की ढाल सही नहीं होने के कारण सड़कों का पानी उल्टा उनके घर सहित आसपास के कई घरों में घुस गया. परिवार के सभी सदस्य पूरी रात पानी निकालने में जुटे रहे और सो भी नहीं सके.

नालियों की सफाई न होने से सड़कें बनीं तालाब

बारिश के बाद नगर पंचायत के अन्य वार्डों में भी जलजमाव की समस्या देखने को मिली. स्थानीय लोगों का कहना है कि मॉनसून से पहले नालियों की समुचित सफाई नहीं करायी गयी.

कई जगह नालियां गाद और कचरे से भरी रहने के कारण बारिश का पानी नहीं निकल सका और सड़कें तालाब में तब्दील हो गयीं. लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से नालियों की नियमित सफाई और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.

प्राथमिकता के आधार पर होगी कार्रवाई: कार्यपालक पदाधिकारी

इधर, कार्यपालक पदाधिकारी रिचा प्रियदर्शी ने बताया कि नगर पंचायत को जलभराव की सूचना मिली है. प्रभावित क्षेत्रों में सफाईकर्मियों को भेजा जा रहा है और पानी की निकासी की व्यवस्था करायी जायेगी. उन्होंने कहा कि जहां-जहां समस्या है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जायेगी.

बारिश के बाद उत्पन्न जलजमाव को लेकर स्थानीय लोगों में नगर पंचायत की कार्यशैली को लेकर भारी नाराजगी है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नालियों की सफाई और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था की जाती, तो उन्हें इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता.

Also Read : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भरत तिवारी के परिवार से की मुलाकात, कहा- मिलेगा न्याय


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kanchan kr sinha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >