वजीरगंज प्रखंड के तरवां-अमूचक-बड़ही बिगहा स्थित राइस मिल के समीप बुधवार की अहले सुबह आहर के पानी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. स्थानीय ग्रामीणों ने करीब छह बजे पानी में शव देखा. इसके बाद तत्काल वजीरगंज पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को इसकी सूचना दी गयी.
खबर मिलते ही घटनास्थल पर जुटी भीड़
शव मिलने की जानकारी फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण आहर के पास पहुंच गए. करीब एक घंटे बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. घटनास्थल पर मुखिया प्रतिनिधि रामाशंकर यादव उर्फ हप्पू यादव, सरपंच प्रतिनिधि क्रांतिवीर शर्मा समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे.
अब तक नहीं हो सकी मृतक की पहचान
खबर लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से शव को आहर से बाहर निकालने की तैयारी की जा रही थी. शव बाहर निकलने के बाद मृतक की पहचान कराने के साथ ही घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जायेगी.
मौत की वजह को लेकर बनी हुई है पहेली
शव मिलने के बाद ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं. हालांकि व्यक्ति की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता नहीं चल सका है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शव की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं.
