Gaya Ji News : गया जी नगर निगम की ओर से तालाबों के सौंदर्यीकरण, शहर की नियमित साफ-सफाई, प्रमुख मार्गों की विशेष सफाई और अन्य विकास कार्यों को लगातार जारी रखा जाएगा. साथ ही मेले के दौरान अतिरिक्त सफाईकर्मियों और आधुनिक मशीनों की भी तैनाती की जाएगी, ताकि शहर पूरी तरह स्वच्छ और व्यवस्थित दिखाई दे. उक्त बातें पितृपक्ष मेला को लेकर आयोजित बैठक में मेयर डॉ. वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने कही.
श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था पर मंथन
उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हर आवश्यक व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर लगातार मंथन किया जा रहा है. पितृपक्ष मेला केवल गया ही नहीं, बल्कि पूरे देश और दुनिया के लिए आस्था का प्रमुख आयोजन है. इसको देखते हुए नगर निगम सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रहा है. नगर निगम की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है.
आधुनिक मशीनों और तकनीक से होगी मेला क्षेत्र की सफाई
सशक्त स्थायी समिति के सदस्य मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि गया जी का अंतरराष्ट्रीय पितृपक्ष राजकीय मेला विश्वभर में अपनी अलग पहचान रखता है. हर वर्ष देश के विभिन्न राज्यों के अलावा विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने पूर्वजों के पिंडदान और तर्पण के लिए गया पहुंचते हैं. ऐसे में उनकी सुविधा सुनिश्चित करना नगर निगम का प्रथम दायित्व है. उन्होंने कहा कि इस वर्ष नगर निगम की ओर से आधुनिक तकनीक का अधिक से अधिक उपयोग किया जाएगा. अत्याधुनिक मशीनों से शहर और मेला क्षेत्र की साफ-सफाई की जाएगी, जिससे पूरे आयोजन के दौरान स्वच्छता बनी रहे.
लाइट-साउंड सिस्टम और घाटों का आधुनिकीकरण
इसके अलावा स्थायी रूप से लाइट एंड साउंड सिस्टम विकसित करने का कार्य भी किया जा रहा है, जिससे मेला क्षेत्र की व्यवस्था और आकर्षण दोनों में वृद्धि होगी. उन्होंने बताया कि फल्गु नदी तट पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे. घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को और मजबूत बनाया जाएगा, ताकि पिंडदान और तर्पण के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त सहित कई अधिकारी रहे उपस्थित
पितृपक्ष मेला 2026 को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं. निगम सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की अध्यक्षता मेयर ने की. बैठक में नगर आयुक्त आदित्य कुमार पीयूष, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव, स्वच्छता पदाधिकारी शुभम कुमार, इंजीनियर व अन्य मौजूद थे.
Also Read : गया जी : उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर बदला एयरपोर्ट का रूट, 6 घंटे बंद रहेगा गया-डोभी रोड
