गया में अवैध बालू खनन पर जिला प्रशासन का बड़ा प्रहार, लीलाजन नदी क्षेत्र से 6 ट्रैक्टर जब्त, 10 लाख का जुर्माना

Gaya Ji News: गया में डीएम के निर्देश पर खनन विभाग और पुलिस ने बोधगया के लीलाजन नदी क्षेत्र और मगध मेडिकल थाना के केंदुई में संयुक्त छापेमारी कर अवैध बालू लदे 6 ट्रैक्टरों को जब्त किया है. इस मामले में करीब 2500 घनफीट बालू के अवैध उत्खनन को लेकर थानों में केस दर्ज कराया गया है और दोषियों पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है.

Gaya Ji News(हरिबंश कुमार): बिहार के गया जिले में अवैध बालू खनन और उसके अवैध परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने एक बार फिर बड़ा एक्शन लिया है. जिलाधिकारी (डीएम) के सख्त निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार की सुबह जिला खनन कार्यालय की टीम ने बड़ी कार्रवाई की. टीम ने बोधगया थाना क्षेत्र और मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के केंंदुई स्थित सूर्य मंदिर के समीप सशस्त्र पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से ताबड़तोड़ छापेमारी की. इस औचक कार्रवाई के दौरान अवैध बालू के खेल में संलिप्त कुल छह ट्रैक्टरों को रंगे हाथ जब्त किया गया. प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से बालू माफियाओं और अवैध खनन में लगे सिंडिकेट के बीच हड़कंप मच गया है.

लीलाजन नदी से हो रहा था अवैध खनन, थानों में FIR दर्ज

खनन विभाग के अधिकारियों ने जब मौके पर तकनीकी और भौतिक जांच की, तो पाया कि बोधगया स्थित लीलाजन नदी क्षेत्र से लगभग 2500 घनफीट बालू का अवैध रूप से उत्खनन किया गया था. माफिया इस बालू को ट्रैक्टरों के जरिए बाजार में खपाने की फिराक में थे. जिला खनन विभाग ने तत्परता दिखाते हुए पकड़े गए सभी छह वाहनों और उनके चालकों व मालिकों के विरुद्ध संबंधित बोधगया थाना और मगध मेडिकल थाना में नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज करा दी है. इसके साथ ही विभाग द्वारा अवैध खनन और परिवहन को लेकर कुल 10 लाख रुपये का भारी-भरकम जुर्माना भी ठोंका गया है.

माफियाओं के खिलाफ आगे भी जारी रहेगा कड़ा एक्शन: खनन पदाधिकारी

इस पूरी छापेमारी के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि कोई अप्रिय स्थिति न बने.

जिला खनन पदाधिकारी का बयान: मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए जिला खनन पदाधिकारी नवेंदु सिंह ने साफ लहजे में कहा कि जिले के भीतर अवैध खनन, परिवहन और बालू के अवैध भंडारण में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. उनके खिलाफ आगे भी इसी तरह का सख्त और निरंतर अभियान जारी रहेगा. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी लोग इस अवैध कारोबार से जुड़े हैं, वे संभल जाएं; अन्यथा उनके विरुद्ध न सिर्फ गाड़ियां जब्त की जाएंगी बल्कि कठोर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराकर उन्हें सीधे जेल भेजा जाएगा.

ये भी पढ़ें : Quad Summit 2025: ‘सिर्फ चर्चा नहीं, अब कार्रवाई करेगा क्वॉड’, भारत दौरे पर बोले मार्को रुबियो

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Aditya Kumar Ravi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >