Gaya Ji News: गया जी जिले के बोधगया थाना क्षेत्र के बतसपुर गांव से शुक्रवार शाम रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए 9 वर्षीय मासूम अनिकेत का 24 घंटे बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है. बच्चे की बरामदगी न होने से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शनिवार की सुबह करीब 10:30 बजे बोधगया-मोहनपुर मुख्य मार्ग को सीलोंजा गांव के समीप जाम कर जमकर प्रदर्शन किया.
टायर जलाकर और बांस-बल्ले लगाकर आवागमन किया बाधित
लापता अनिकेत के परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर टायर जलाकर व बांस-बल्ले लगाकर यातायात पूरी तरह ठप कर दिया. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. घटना की सूचना मिलते ही स्वतंत्रता दिवस समारोह की सुरक्षा में तैनात बोधगया थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया.
हालांकि, परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सूचना के 13 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ पूरी तरह खाली हैं. आक्रोशित लोग प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे. करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद स्थानीय पंचायत के पूर्व उप-मुखिया मनोरंजन प्रसाद समदर्शी एवं अन्य गणमान्य लोगों की मध्यस्थता व पुलिस के ठोस आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया.
साइकिल खड़ी कर निकला था बाहर, फिर नहीं लौटा
जानकारी के अनुसार, बतसपुर गांव निवासी स्वर्गीय वीरेंद्र गिरी का 9 वर्षीय पुत्र अनिकेत शुक्रवार शाम गांव की सड़क पर अन्य बच्चों के साथ साइकिल चला रहा था. शाम ढलने पर वह घर लौटा और साइकिल खड़ी कर दी. परिजनों के अनुसार, मां ने उसे हाथ-पैर धोकर पढ़ाई करने को कहा था, लेकिन वह कुछ देर में आने की बात कहकर पास ही मुहाने नदी पर बने पुल की तरफ चला गया. इसके बाद वह देर रात तक वापस नहीं लौटा.
काफी खोजबीन के बाद जब कोई पता नहीं चला, तो परिजनों ने बोधगया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने सोशल मीडिया पर भी बालक की तस्वीर और विवरण प्रसारित कर तलाश शुरू की, लेकिन शनिवार देर शाम तक बालक का कोई सुराग नहीं मिला.
संपत्ति विवाद समेत सभी कोणों से जांच जारी
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, अनिकेत अपने पिता स्वर्गीय वीरेंद्र गिरी की दूसरी पत्नी का इकलौता पुत्र है. पहली पत्नी (जिनका देहांत हो चुका है) से दो बेटे और दो बेटियां हैं. परिवार के पास गांव में करीब 3-4 बीघा पैतृक जमीन भी है. ऐसे में पुलिस पारिवारिक और संपत्ति विवाद समेत विभिन्न बिंदुओं को ध्यान में रखकर भी जांच कर रही है.
बोधगया थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि थाने में गुमशुदगी/अपहरण का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी और छानबीन कर रही हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा.
