गया जी जिले के वजीरगंज प्रखंड मुख्यालय स्थित ट्राईसेम भवन में गुरुवार को प्रखंड कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की शुरुआत वंदे मातरम और राष्ट्रगान से हुई. इसके बाद पिछली बैठक की कार्यवाही की संपुष्टि की गई.
बीडीओ प्रभाकर सिंह ने वार्षिक योजनाओं, अद्यतन प्रतिवेदन तथा पूर्व की बैठकों में लिए गए प्रस्तावों के अनुपालन की जानकारी समिति के सदस्यों को दी.
सड़क मरम्मत और अतिक्रमण हटाने की उठी मांग
इस बैठक में वजीरगंज स्टेशन रोड के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत कराने का प्रस्ताव भी रखा गया. इस दौरान स्थायी अतिक्रमण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया.
समिति के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों ने जोकहरी नदी तथा मध्य विद्यालय दखिनगांव के आसपास किए गए अतिक्रमण को हटाने की मांग की. सदस्यों ने कहा कि अतिक्रमण के कारण आम लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है.
आवागमन की समस्या और रोड ब्रेकर हटाने का मुद्दा
कई स्थानों पर लोगों द्वारा आम रास्तों को अवरुद्ध कर दिया गया है, जिससे ग्रामीणों को आने-जाने में कठिनाई होती है. समिति ने ऐसे लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की. इसके साथ ही सड़कों पर अनावश्यक रूप से बनाए गए रोड ब्रेकर को हटाने की भी मांग उठी.
अधिकारियों का आश्वासन और आपसी सहमति
मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ प्रकाश कुमार ने अतिक्रमण हटाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया. बैठक के दौरान कुछ मुद्दों को लेकर सदस्यों के बीच नोकझोंक भी हुई. हालांकि, बाद में आपसी समन्वय के साथ क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए कार्य करने पर सहमति बनी.
बैठक में उपस्थित गणमान्य सदस्य
इस बैठक में महेश सिंह, रंजीत पांडेय, सतीश सिन्हा, विनय सिंह, झूलन सिंह, विकास कुमार, मोहम्मद आरिफ हुसैन सहित अन्य सदस्य मौजूद थे.
