Darbhanga News: दरभंगा जिले के केवटी प्रखंड मुख्यालय के समीप दड़िमा चौक स्थित केयर सेंटर अस्पताल इन दिनों अपनी अनूठी स्वास्थ्य सेवाओं के जरिए समाज सेवा की एक बेहतरीन मिसाल पेश कर रहा है. अस्पताल प्रबंधन द्वारा क्षेत्र के लोगों के लिए न केवल मुफ्त एम्बुलेंस सेवा संचालित की जा रही है, बल्कि प्रत्येक रविवार को अस्पताल परिसर में बिल्कुल निशुल्क ओपीडी (OPD) सुविधा भी दी जा रही है. निजी स्वार्थ से ऊपर उठकर शुरू की गई इस मानवीय पहल से इलाके के गरीब, लाचार और जरूरतमंद मरीजों को बहुत बड़ा सहारा मिला है.
लावारिस और दिव्यांग मरीजों को प्राथमिकता
केयर सेंटर अस्पताल दड़िमा चौक से 15 किलोमीटर की परिधि (दायरे) में कहीं भी सड़क दुर्घटना में जख्मी हुए लोगों, असहायों, दिव्यांगों और लावारिस मरीजों को गंभीर हालत में तुरंत मदद पहुंचाई जा रही है. सूचना मिलते ही अस्पताल की एम्बुलेंस मौके पर पहुंचती है और मरीज को उसकी गंभीर स्थिति के अनुसार तत्काल बेहतर इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (DMCH) या फिर मरीज और उनके परिजनों की इच्छा के अनुसार दरभंगा स्थित किसी भी निजी अस्पताल तक बिल्कुल मुफ्त पहुंचाती है.
चौबीसों घंटे संचालित रहती है यह व्यवस्था
अस्पताल प्रशासन द्वारा यह आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा चौबीस घंटे और सातों दिन (24×7) पूरी तरह लाइव रखी जाती है. किसी भी आकस्मिक समय में इस सुविधा का तुरंत लाभ उठाने के लिए अस्पताल पहुंच सकते है। इस निशुल्क आपातकालीन एम्बुलेंस सेवा का लाभ उठाकर किसी भी संकटग्रस्त व्यक्ति की जान बचा सकते हैं.
एनएच-527बी पर दुर्घटना पीड़ितों के लिए वरदान बनी आपातकालीन सेवा
राष्ट्रीय राजमार्ग 527बी (NH-527B) दरभंगा-जयनगर मुख्य सड़क मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण भीषण सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं. ऐसे संवेदनशील समय में यह मुफ्त सेवा जख्मियों के लिए किसी वरदान से कम साबित नहीं हो रही है. मार्ग पर दुर्घटना होने के बाद अब स्थानीय लोगों के साथ-साथ स्थानीय पुलिस प्रशासन भी तुरंत अस्पताल के इन नंबरों पर फोन करके गंभीर रूप से घायल मरीजों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) केवटी रनवे या फिर सीधे डीएमसीएच (DMCH) भिजवाया करते हैं, जिससे सही समय पर इलाज मिलने से लोगों की जान बच रही है.
प्रखंड में चौतरफा सराहना
मुफ्त एम्बुलेंस और रविवार को निशुल्क ओपीडी की इस बेहतरीन व्यवस्था को लेकर केवटी के साथ-साथ पड़ोसी बिस्फी प्रखंड के लोगों में भी भारी उत्साह है. प्रबुद्ध नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के बीच केयर सेंटर अस्पताल के इस सामाजिक एवं मानवीय कार्य की जमकर चर्चा और सराहना की जा रही है. लोगों का कहना है कि समाज में गरीब, दिव्यांग और लावारिसों की निस्वार्थ सेवा ही सबसे सच्ची मानव सेवा है, जिसे यह अस्पताल पूरी निष्ठा से निभा रहा है.
अस्पताल निदेशक ने बताया संकल्प
इस संबंध में जानकारी देते हुए केयर सेंटर अस्पताल दड़िमा के निदेशक डॉ. राहुल यादव ने बताया कि पूर्व में अक्सर यह देखा जाता था कि सड़क हादसों या गंभीर बीमारी के वक्त एम्बुलेंस तत्काल उपलब्ध नहीं होने से तड़पते हुए मरीजों की जान आफत में पड़ जाती थी. इसी कड़वी हकीकत, सामाजिक सरोकार और मानवता के धर्म को देखते हुए हमने इस निशुल्क एम्बुलेंस सेवा और संडे स्पेशल फ्री ओपीडी की शुरुआत की है, जिसका भरपूर लाभ समाज के हर तबके के लोग उठा रहे हैं. उन्होंने दोहराया कि असहाय, दिव्यांग और लावारिस मरीजों की सेवा के लिए उनका यह संस्थान हमेशा तत्पर रहेगा.
दरभंगा के केवटी से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
