Darbhanga News: विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर शुक्रवार (5 जून 2026) को दरभंगा जिले के अलीनगर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक शानदार पहल की गई. क्षेत्र के सक्रिय सामाजिक संगठन ‘जनकल्याणकारी सह शिक्षा विकास मंच श्यामपुर’ की ओर से अलीनगर प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में एक विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान उपस्थित अधिकारियों और समाजसेवियों ने फलदार और छायादार पौधे रोपकर आम जनता से पर्यावरण को सुरक्षित तथा जीवनोपयोगी बनाने की भावुक अपील की.
हरियाली में ही असली खुशहाली
कार्यक्रम की अगुवाई कर रहे जनकल्याणकारी सह शिक्षा विकास मंच के अध्यक्ष निर्भय यादव ने इस मौके पर उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए पर्यावरण के महत्व को रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि हरियाली में ही मानव जीवन की असली खुशहाली छिपी हुई है, लेकिन आज के समय में पेड़ों की अंधाधुंध कटाई के कारण हमारा पूरा पर्यावरण लगातार दूषित और असंतुलित होता जा रहा है. उन्होंने समाज के हर वर्ग से आह्वान किया कि पेड़ों की कटाई पर तुरंत रोक लगे और हर एक नागरिक अभियान मोड में आकर नए पौधे लगाने का संकल्प ले.
परिसर से लेकर मदरसे तक रोपे गए पौधे
अंचल कार्यालय परिसर में आयोजित इस मुहिम का समर्थन करने के लिए स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी भी आगे आए. अलीनगर के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) ललित कुमार मिश्रा, कुमार शिवम और आत्मा (ATMA) के प्रखंड सहायक टेक्नीशियन अख्तर अली ने अपने हाथों से मिट्टी में पौधे रोपे और पर्यावरण डायरी में अपना योगदान दिया. बीडीओ ललित कुमार मिश्रा ने मंच द्वारा चलाए जा रहे इस जन-हितैषी कार्य की दिल से सराहना की और युवाओं को इसके लिए बधाई दी. इस मुख्य आयोजन के साथ-साथ परिसर के भीतर ही वन विभाग के सरकारी कर्मियों ने भी अपनी तरफ से कई पौधे लगाए. इसके अलावा, पर्यावरण दिवस की यह अलख श्यामपुर स्थित मदरसा मुहम्मदिया तक भी पहुंची, जहां शिक्षकों और स्थानीय युवाओं ने मिलकर बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया.
पौधों के नियमित संरक्षण और सिंचाई का लिया प्रण
इस गरिमामयी और महत्वपूर्ण कार्यक्रम के दौरान सामाजिक कार्यकर्ताओं, वकीलों और अधिकारियों का बड़ा जमावड़ा देखने को मिला. मौके पर मुख्य रूप से मंच के सम्मानित सदस्य श्याम कुमार राम, मनीष कुमार देव, वरिष्ठ अधिवक्ता नेहाल अहमद, प्रखंड हॉर्टिकल्चर ऑफिसर प्रियांशु चौधरी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) मसलेहउद्दीन, आतिफ हुसैन, नीतीश कुमार मुखिया, आदर्श कुमार और सर्वोत्तम कुमार सहित कई प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे. सभी लोगों ने रोपे गए पौधों की सुरक्षा करने और नियमित रूप से उन्हें पानी देने का संकल्प लिया.
दरभंगा के अलीनगर से एम ए सारिम की रिपोर्ट
