Darbhanga News: न्यायालय से जारी वारंटों के अनुपालन को लेकर बिरौल पुलिस ने फरार अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. तीन अलग-अलग मामलों में पुलिस ने दो फरार आरोपियों के घर इश्तिहार तामिला कराया, जबकि एक नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया.
दो फरार आरोपियों के घर चस्पा किया इश्तिहार
थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि कांड संख्या 344/25 में फरार चल रहे अहिलवारा गांव निवासी अरवाज खान के घर पुअनि मुन्नी कुमारी के नेतृत्व में न्यायालय के आदेशानुसार इश्तिहार तामिला कराया गया. इसी तरह कांड संख्या 435/24 में फरार अभियुक्त नवटोल गांव निवासी मो. नौसाद बखौ के घर पर भी पुलिस ने इश्तिहार चस्पा कर न्यायालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया.
नामजद अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार
कांड संख्या 228/26 में नामजद अभियुक्त बलिया निवासी डब्लू परवेज को पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत न्यायालय भेजा गया. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
इश्तिहार के बाद नहीं पहुंचे तो होगी कुर्की
थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि इश्तिहार तामिला के बाद भी यदि अभियुक्त न्यायालय में उपस्थित नहीं होते हैं तो उनके विरुद्ध कुर्की की कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: एमकेएस कॉलेज के नेम प्लेट से उर्दू हटाने पर विवाद, कुलपति से कार्रवाई की मांग
