Buxar News : बक्सर जिले के विभिन्न पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविर के तहत बुधवार को चुरामनपुर पंचायत सरकार भवन में भी शिविर लगाया गया. शिविर का उद्घाटन जिला आपूर्ति पदाधिकारी राजकुमार प्रसाद, मुखिया धनंजय पाण्डेय एवं जनसेवक अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से किया. शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी शिकायतें दर्ज कराईं.
जीवित प्रमाण पत्र नहीं बनने से लोगों में नाराजगी
शिविर के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारकों की ओर से जीवित प्रमाण पत्र बनवाने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. हालांकि, इसकी सुविधा उपलब्ध नहीं होने से कई लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा. इसको लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई.
मुखिया ने उठाया सभी सेवाएं एक जगह उपलब्ध कराने का मुद्दा
मुखिया धनंजय पाण्डेय ने कहा कि यदि सहयोग शिविर में सभी विभागों की आवश्यक सेवाएं उपलब्ध नहीं होंगी, तो ऐसे शिविरों का उद्देश्य पूरा नहीं होगा. उन्होंने भविष्य में एक ही परिसर में सभी जरूरी सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग की.
स्वच्छता कर्मियों ने मांगा पहचान पत्र
शिविर में पंचायत के स्वच्छता कर्मियों ने भी अपनी समस्या उठाई. उन्होंने बताया कि पहचान पत्र नहीं होने के कारण कार्य के दौरान कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. कर्मियों ने शीघ्र पहचान पत्र जारी करने की मांग की.
45 वर्षों से बसे नट समुदाय के परिवारों के पास नहीं राशन कार्ड
शिविर में सबसे प्रमुख मुद्दा नट समुदाय के राशन कार्ड का रहा. मुखिया ने बताया कि चुरामनपुर पंचायत में नट जाति के करीब 50 से 60 परिवार पिछले 45 से 48 वर्षों से रह रहे हैं, लेकिन आज तक उनका राशन कार्ड नहीं बन पाया है. उन्होंने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को आवेदन सौंपकर सभी पात्र परिवारों का राशन कार्ड जल्द जारी करने की मांग की.
विशेष शिविर लगाकर बनाए जाएंगे राशन कार्ड
जिला आपूर्ति पदाधिकारी राजकुमार प्रसाद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि नट समुदाय के पात्र परिवारों से आवेदन लेने के लिए विशेष शिविर लगाया जाए. उन्होंने कहा कि नियमानुसार सभी पात्र परिवारों का राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाएगी, ताकि कोई भी जरूरतमंद सरकारी खाद्यान्न योजना के लाभ से वंचित न रहे.
