Buxar News : लंबे समय से बदहाल पड़ी एनएच-120 से जुड़ी मां डुमरेजनी प्रवेश द्वार से पुराना भोजपुर तक की सड़क के एक हिस्से की मरम्मत आखिरकार शुरू हो गयी है. शुक्रवार को विष्णु मंदिर से डुमरांव पश्चिमी रेल फाटक तक बाईपास सड़क पर बने गड्ढों की भराई का कार्य तेजी से कराया गया. सड़क की मरम्मत शुरू होने से आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली है. इस सड़क के रखरखाव की जिम्मेदारी पश्चिमी रेल फाटक पर प्रस्तावित आरओबी का निर्माण करा रही लाखो इंफ्राटेक कंपनी को दी गयी है. कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर सुजीत कुमार सिंह की निगरानी में मरम्मत कार्य कराया जा रहा है.
दर्जनों गड्ढों में डाली गयी राबिश, रोलर से किया गया समतलीकरण
शुक्रवार को सड़क पर बने दर्जनों गहरे गड्ढों में राबिश डालकर उनकी भराई की गयी. इसके बाद जेसीबी मशीन से सड़क को समतल किया गया और रोड रोलर चलाकर डाले गये मैटेरियल को दबाया गया. कार्य शुरू करने से पहले नगर परिषद के सेप्टिक टैंकर से सड़क पर जमा पानी की निकासी करायी गयी, ताकि मरम्मत कार्य में परेशानी नहीं हो.
विधायक की अनुशंसा पर शुरू हुआ मरम्मत कार्य
बताया जाता है कि सड़क मरम्मत की पहल डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह की अनुशंसा पर हुई है. विधायक ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य का निरीक्षण भी किया. उन्होंने संबंधित लोगों को निर्देश दिया कि विष्णु मंदिर से पश्चिमी रेल फाटक तक के हिस्से के साथ-साथ मां डुमरेजनी प्रवेश द्वार से विष्णु मंदिर तक की सड़क को भी मेंटेनेंस के दायरे में लाया जाये.
नाला जाम होने से सड़क पर फैलता है गंदा पानी
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क की बदहाली का प्रमुख कारण जलनिकासी की समस्या है. नालों के जाम रहने के कारण बारिश और घरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर जमा हो जाता है. जलजमाव के कारण सड़क पर डाला गया मैटेरियल भी अधिक दिनों तक टिक नहीं पाता और कुछ समय बाद गड्ढे दोबारा उभर आते हैं.
नालों की सफाई के लिए विशेष टीम होगी तैनात
लोक स्वच्छता पदाधिकारी राजीव रंजन ने बताया कि नालों की सफाई के लिए विशेष अभियान चलाया जायेगा. जाम नालों की सफाई के लिए श्रमिकों और सुपरवाइजर की टीम लगायी जायेगी. उन्होंने कहा कि फिलहाल ड्रेनेज सिस्टम को अस्थायी रूप से दुरुस्त किया जायेगा, ताकि सड़क पर पानी का जमाव नहीं हो और मरम्मत कार्य टिकाऊ रह सके.
Also Read : कैमूर में बीजेपी के वरिष्ठ नेता अजय शंकर पांडेय ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से दिया इस्तीफा
मां डुमरेजनी प्रवेश द्वार तक होगी नाले की सफाई
राजीव रंजन ने बताया कि नाले की सफाई केवल विष्णु मंदिर तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि मां डुमरेजनी प्रवेश द्वार से आगे तक नाले की संपूर्ण सफाई करायी जायेगी. जन्माष्टमी के कारण नाला सफाई का कार्य निर्धारित समय पर शुरू नहीं हो सका था. अब इसे प्राथमिकता के आधार पर कराया जायेगा.
मरम्मत कार्य की नियमित होगी मॉनिटरिंग
कंपनी की ओर से बताया गया कि विष्णु मंदिर रोड से पश्चिमी रेल फाटक तक किये गये मरम्मत कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जायेगी. स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल गड्ढों की भराई से सड़क की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा. इसके लिए जलनिकासी की व्यवस्था को भी दुरुस्त करना जरूरी है.
Also Read : सबार-भभुआ मुख्य पथ पर तीन फीट तक बह रहा बाढ़ का पानी, कई गांवों में बने बाढ़ जैसे हालात
मां डुमरेजनी प्रवेश द्वार तक सड़क दुरुस्त कराने की मांग
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जिस तत्परता से विष्णु मंदिर से पश्चिमी रेल फाटक तक सड़क की मरम्मत शुरू की गयी है, उसी तरह मां डुमरेजनी प्रवेश द्वार से विष्णु मंदिर तक सड़क को भी जल्द दुरुस्त कराया जाये. लोगों का कहना है कि यह शहर का प्रमुख प्रवेश मार्ग है और सड़क की बदहाली के कारण रोजाना हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. मरम्मत कार्य शुरू होने से बाईपास इलाके के लोगों में उम्मीद जगी है कि अब लंबे समय से चली आ रही सड़क और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा.
Also Read : दुर्गावती नदी का जलस्तर घटा, एसडीआरएफ की टीम ने 10 किमी जलमार्ग का लिया जायजा
