Buxar News : शहर में विद्युत चोरी के खिलाफ बिजली विभाग का विशेष अभियान लगातार जारी है. इसी क्रम में मंगलवार को कनीय विद्युत अभियंता रौशन कुमार के नेतृत्व में गठित छापेमारी टीम ने चीनी मिल क्षेत्र में जांच अभियान चलाया. अभियान के दौरान दो लोगों को अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए पकड़ा गया. दोनों के विरुद्ध नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
बाईपास कर बिजली जलाते पकड़े गए उपभोक्ता
बिजली विभाग की टीम अपराह्न 3:27 बजे एलबीटी कॉलेज के सामने जज साहब वाली गली, चीनी मिल स्थित जय गोबिंद यादव के आवास पर पहुंची. जांच के दौरान पाया गया कि वे बिजली आपूर्ति लाइन में बाईपास कर अवैध रूप से विद्युत ऊर्जा का उपयोग कर रहे थे. इस मामले में विभाग ने 16,548 रुपये का आर्थिक दंड निर्धारित करते हुए उनके खिलाफ नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई.
टोका लगाकर हो रही थी बिजली चोरी
इसके बाद अपराह्न 3:45 बजे टीम ने उसी क्षेत्र में राज गोबिंद सिंह यादव के परिसर की जांच की. जांच में पाया गया कि वे टोका फंसाकर अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहे थे. विभाग ने उनके खिलाफ 27,805 रुपये का जुर्माना लगाया और नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई.
आगे भी जारी रहेगा विशेष अभियान
कनीय विद्युत अभियंता रौशन कुमार ने बताया कि बिजली चोरी रोकने के लिए विभाग का विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे वैध विद्युत कनेक्शन का ही उपयोग करें. बिजली चोरी करते पाए जाने पर नियमानुसार आर्थिक दंड के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.
Also Read : गया जी : 28 वर्षीय युवक दोस्तों संग नेपाल घूमने गया, पोखरा के प्रसिद्ध फेवा झील में तैरने के दौरान डूबकर मौत
