Buxar News: (विनोद कुमार सिंह) बक्सर के चौसा प्रखंड के जलीलपुर पंचायत स्थित ईसापुर गांव में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रोमांचक अंदाज में संपन्न हुआ, जिसमें उत्तर प्रदेश की अरंगी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार की खरगपुरा टीम को 26 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया. जय हनुमान क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन महावीर स्थान परिसर में किया गया था, जहां बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों की भीड़ उमड़ी.
डॉ. मनोज यादव ने किया उद्घाटन
फाइनल मैच का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व जिला पार्षद एवं अधिवक्ता डॉ. मनोज कुमार यादव ने फीता काटकर किया. उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया.
100 रन का लक्ष्य, 74 पर सिमटी खरगपुरा
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए अरंगी टीम ने 14 ओवर में 100 रन बनाए. जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी खरगपुरा की टीम निर्धारित ओवरों में 74 रन पर सिमट गई. इस तरह अरंगी ने 26 रन से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया.
खेल से मिलता है अनुशासन और आत्मविश्वास
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मनोज यादव ने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास का सशक्त माध्यम है. इससे युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है. उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नशा और सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें सही मंच और संसाधन उपलब्ध कराने की है.
खिलाड़ियों को दिया आगे बढ़ने का संदेश
डॉ. यादव ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और क्षेत्र, राज्य व देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया. उन्होंने आयोजन के लिए जय हनुमान क्रिकेट क्लब को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत करते हैं.
बड़ी संख्या में मौजूद रहे खेल प्रेमी
इस अवसर पर आयोजक चंदन यादव, विवेक यादव, मनीष कुमार, मोहम्मद सुहैल, मुखिया समीम अंसारी उर्फ कल्लू अंसारी, वार्ड पार्षद चंदन चौधरी, बीडीसी प्रतिनिधि लड्डू यादव, आनंद पहलवान, अधिवक्ता विनोद यादव, प्रधानाचार्य उदय सर, अंपायर अजीत और अजय, कमेंटेटर जावेद सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे.
Also Read: मानवता की मिसाल: आरा स्टेशन पर भटके नाबालिग को मिला सहारा, पूर्व विधायक बने फरिश्ता
